50 हजार के इनामी रेपिस्ट अरबाज नट को पुलिस ने 6 साल बाद दबोचा, 2018 से था फरार
चंदौली की धीना पुलिस ने 2018 से फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त अरबाज नट को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से एक अवैध तमंचा और कारतूस बरामद हुआ है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।
चंदौली पुलिस की बड़ी कार्रवाई
50 हजार का इनामी अभियुक्त गिरफ्तार
वर्ष 2018 से फरार चल रहा था आरोपी
अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद
धीना पुलिस टीम को मिली सफलता
चंदौली जिले की धीना थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने साल 2018 से फरार चल रहे 50,000 रुपये के इनामी अभियुक्त अरबाज नट उर्फ खबरी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने और लैंगिक अपराध (पोक्सो एक्ट) के तहत गंभीर मामलों में मुकदमा दर्ज था।

जमानिया बॉर्डर के पास से हुई गिरफ्तारी
प्रभारी निरीक्षक दिलीप श्रीवास्तव के नेतृत्व में धीना पुलिस टीम महुजी तिराहा, जमानिया बॉर्डर के पास सघन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति आता हुआ दिखाई दिया। पुलिस ने जब उसे रोकने का इशारा किया तो वह घबराकर पीछे मुड़कर भागने लगा। पुलिस टीम ने तुरंत घेराबंदी कर उसे धर दबोचा। पकड़ा गया आरोपी 28 वर्षीय अरबाज नट ग्राम कुशहां, थाना धीना का निवासी है।

अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद
पुलिस की तलाशी के दौरान अभियुक्त के कब्जे से 315 बोर का एक अवैध असलहा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। अवैध हथियार के संबंध में पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह 2018 के मुकदमे के बाद से ही पुलिस से छिपकर रह रहा था और उसने अपनी सुरक्षा के लिए यह असलहा बिहार से खरीदा था।
2018 से लगातार चल रहा था फरार
आरोपी के खिलाफ थाना धीना में वर्ष 2018 में धारा 363, 366, 376 और पोक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज हुआ था। लगातार फरार रहने और कोर्ट के आदेश का उल्लंघन करने पर उसके खिलाफ धारा 174-A के तहत भी मामला दर्ज था। पुलिस ने अब अवैध असलहा बरामदगी के मामले में धारा 3/25 बीएनएस के तहत नया मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस सफल कार्रवाई में धीना पुलिस टीम के उपनिरीक्षक और आरक्षी शामिल रहे।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








