झाड़ू लगाने के विवाद में खूनी संघर्ष, प्रधान समेत 6 लोगों पर घर में घुसकर मारपीट का आरोप
चंदौली के डैना गांव में मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि ग्राम प्रधान ने सहयोगियों के साथ मिलकर एक घर में घुसकर महिलाओं और बच्चियों को बेरहमी से पीटा, जिससे कई के हाथ टूट गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
डैना गांव में खूनी संघर्ष
झाड़ू लगाने को लेकर विवाद
प्रधान इमामुद्दीन पर गंभीर आरोप
चार महिलाओं के हाथ टूटे
छेड़खानी और मारपीट की तहरीर
चंदौली जनपद अंतर्गत धीना थाना क्षेत्र के डैना गांव में शुक्रवार की सुबह एक बेहद शर्मनाक मामला सामने आया है। यहाँ महज झाड़ू लगाने जैसे मामूली विवाद ने इतना तूल पकड़ लिया कि वर्तमान ग्राम प्रधान ने अपने साथियों के साथ मिलकर पड़ोसी के घर पर धावा बोल दिया। इस हमले में घर की महिलाओं और नाबालिग बच्चियों को बेरहमी से पीटा गया, जिसमें कई महिलाओं के हाथ की हड्डियाँ टूट गई हैं।
घर में अकेली महिलाओं पर बोला हमला
मिली जानकारी के अनुसार, डैना गांव निवासी सकूर मियां शुक्रवार सुबह अपने गेहूं के खेत में सिंचाई करने गए हुए थे। घर पर केवल उनकी बेटियां और महिलाएं मौजूद थीं। इसी दौरान झाड़ू लगाने की बात को लेकर पड़ोसी और वर्तमान ग्राम प्रधान इमामुद्दीन के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर इमामुद्दीन ने पाँच अन्य लोगों के साथ मिलकर सकूर मियां के घर में घुसकर हमला कर दिया।
लाठी-डंडों से पिटाई, चार के हाथ टूटे
हमलावरों ने घर के भीतर मौजूद युवतियों और महिलाओं पर लाठियों से वार करना शुरू कर दिया। इस मारपीट में सायरा (22) की हथेली कट गई, जबकि साहिना (19) और सहनाज (18) के हाथ टूट गए हैं। वहीं 15 वर्षीय रौशनी के शरीर पर लाठियों के गहरे निशान पड़े हैं। आफरीन के कंधे और शरीर में भी गंभीर चोटें आई हैं। वादिनी शहिना (28) ने आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान हमलावरों ने उनके साथ छेड़खानी की और उनके कपड़े भी फाड़ दिए।
पुलिस की कार्रवाई के साथ-साथ मेडिकल जांच
घटना के बाद सभी घायलों का उपचार निजी अस्पताल में कराया गया, जिसके बाद वादिनी ने धीना थाने में नामजद तहरीर दी है। इस संबंध में थाना प्रभारी दिलीप श्रीवास्तव ने बताया कि मारपीट की तहरीर मिली है और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि घायलों का आधिकारिक मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर मुकदमे में कड़ी धाराएं बढ़ाई जाएंगी। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







