जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

इलिया पुलिस ने नाकाम की गौ-तस्करी की बड़ी साजिश, 10 जानवरों के साथ गैंगस्टर गिरफ्तार

चंदौली के इलिया थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर रात के अंधेरे में वध हेतु बिहार ले जाए जा रहे 10 गोवंशों को बरामद किया है। मौके से एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसके साथी फरार हो गए।

 
 

इलिया पुलिस ने बरामद किए 10 गोवंश

शातिर पशु तस्कर गुड्डू सोनकर गिरफ्तार

रात के अंधेरे में मेड़ के रास्ते तस्करी

आरोपी पर पहले से दर्ज हैं गैंगस्टर केस

बिहार के कैमूर में वध हेतु सप्लाई

चंदौली जिले में गौ-तस्करी के विरुद्ध चलाये जा रहे अभियान के तहत इलिया थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर घेराबंदी कर 10 गोवंशीय पशुओं को बरामद किया है, जिन्हें वध के लिए क्रूरतापूर्वक बिहार ले जाया जा रहा था। इस दौरान पुलिस ने एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है, जिसका लंबा आपराधिक इतिहास रहा है।

मुखबिर की सूचना पर आश्रम के पास कार्रवाई
जानकारी के अनुसार, उच्चाधिकारियों के निर्देशन में इलिया थाना प्रभारी चंदन कुमार राय के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में सक्रिय थी। 12 मई 2026 की भोर करीब 03:06 बजे पुलिस को सूचना मिली कि तस्कर गोवंशों को लेकर बिहार की ओर जा रहे हैं। पुलिस ने तत्काल खखड़ा ग्राम स्थित सत्य स्थान आश्रम के पास दबिश दी। वहां पुलिस ने देखा कि 10 गोवंशों के मुंह रस्सियों से क्रूरतापूर्वक बांधकर उन्हें मारते-पीटते पैदल हांककर बिहार ले जाया जा रहा था।

खेत और मेड़ का रास्ता अपनाते थे तस्कर
पकड़े गए अभियुक्त गुड्डू सोनकर (निवासी ग्राम भूसी, शहाबगंज) ने पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे किए। उसने बताया कि वह अपने 5 अन्य साथियों के साथ मिलकर आसपास के गांवों से सस्ती दरों पर गाय और सांड खरीदता था। पुलिस की नजरों से बचने के लिए ये तस्कर मुख्य सड़कों के बजाय रात के अंधेरे में खेतों और मेड़ के रास्ते ग्राम भेवार होते हुए कैमूर (बिहार) के चैनपुर ले जाते थे। वहां वध हेतु इन्हें ऊंचे दामों पर बेचकर अवैध लाभ कमाया जाता था।

अभियुक्त का आपराधिक इतिहास 
गिरफ्तार अभियुक्त गुड्डू सोनकर एक आदतन अपराधी है। उस पर पहले से ही गैंगस्टर एक्ट, गौवध निवारण अधिनियम और पशु क्रूरता के कई मामले दर्ज हैं। वर्ष 2020 और 2022 में भी उस पर संगीन धाराओं में मुकदमे दर्ज हुए थे। इस सफलता में थानाध्यक्ष चन्दन कुमार राय, उपनिरीक्षक रवीन्द्र कुमार सिंह, उपनिरीक्षक साहबदीन यादव और कांस्टेबल रघुवंश लाल सहित पूरी टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस फरार अन्य 5 साथियों की तलाश में जुटी है।

Tags

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*