इलिया पुलिस को देख गाड़ी छोड़ भागे पशु तस्कर, 8 जानवर हुए बरामद
बिहार के रास्ते बंगाल के लिए पशु तस्करी
गाड़ी से भेजे जा रहे आठ गोवंशों से भरी पिकअप बरामद
चेकिंग के दौरान इलिया पुलिस ने पकड़ी पशु तस्करी
चालक अंधेरे का लाभ उठाकर फरार
चंदौली जिला के इलिया थाना क्षेत्र में रमैया बाबा मंदिर गेट के समीप पुलिस ने रविवार की भोर में मवेशियों से भरी एक महिंद्रा पिकअप वाहन को बरामद किया। वाहन में आठ राशि गोवंश लादकर बिहार की ओर ले जाया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान चालक पुलिस को चकमा देकर अंधेरे का लाभ उठाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस चालक तथा वाहन स्वामी के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक वाहन में गोवंशों को अवैध रूप से लादकर इलिया–धरौली मार्ग के रास्ते सवैया महलवार और जेगुरी गांव होते हुए रमैया बाबा मार्ग से बिहार के राजा बाजार होते हुए चैनपुर ले जाया जाने वाला है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हो गई और रमैया बाबा मंदिर के समीप मार्ग पर चेकिंग अभियान शुरू कर दिया। कुछ ही देर बाद संदिग्ध महिंद्रा पिकअप वाहन दिखाई दिया। पुलिस ने वाहन को रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक तेज रफ्तार से वाहन लेकर भागने लगा। पीछा करने पर मौका देखते हुए उसने वाहन का गेट खोलकर अंधेरे में फरार हो गया। पुलिस ने पिकअप को कब्जे में लेकर उसकी तलाशी ली, जिसमें आठ राशि गोवंश बरामद हुए। वाहन में मिले ड्राइविंग लाइसेंस के आधार पर चालक की पहचान चकिया कोतवाली क्षेत्र के मगरौर गांव निवासी मोहित कुमार विश्वकर्मा के रूप में हुई है।
थानाध्यक्ष अरुण प्रताप सिंह ने बताया कि फरार चालक मोहित कुमार विश्वकर्मा तथा वाहन स्वामी के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*






