इलिया पुलिस की बिहार जा रही शराब पर बड़ी स्ट्राइक: ऑटो से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद, 4 गिरफ्तार
चंदौली के इलिया थाना पुलिस ने शराब तस्करों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाते हुए एक ऑटो सहित भारी मात्रा में देशी और अंग्रेजी शराब बरामद की है। पुलिस ने बिहार के तीन तस्करों सहित कुल चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
इलिया पुलिस द्वारा अवैध शराब बरामद
ऑटो से तस्करी कर रहे अभियुक्त गिरफ्तार
बिहार के तीन शराब तस्कर दबोचे
देशी और अंग्रेजी शराब की बरामदगी
एसपी आदित्य लांग्हे के कड़े निर्देश
चंदौली जनपद में अवैध शराब की तस्करी और अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत इलिया थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में इलिया पुलिस ने दो अलग-अलग कार्यवाहियों में 36 लीटर से अधिक अवैध शराब बरामद करते हुए चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
ऑटो से हो रही थी देशी शराब की तस्करी
पहली सफलता परमन्दापुर तिराहे के पास मिली, जहाँ पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर एक ऑटो (UP67BT4635) को रोका। तलाशी के दौरान ऑटो से तीन पेटियों में रखी 135 टेट्रा पैक (कुल 27 लीटर) अवैध देशी शराब बरामद हुई। पुलिस ने मौके से गंगेश पांडेय उर्फ लल्ला को गिरफ्तार किया। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त ऑटो को एमवी एक्ट के तहत सीज कर दिया है।
बिहार के तीन तस्कर गिरफ्तार
दूसरी कार्रवाई कस्बा इलिया में हुई, जहाँ पुलिस ने घेराबंदी कर लव पटेल, राजन कुमार और ललित कुमार मौर्या को गिरफ्तार किया। ये तीनों अभियुक्त बिहार के भभुआ जिले के रहने वाले हैं। इनके पास से पुलिस ने एक बोरी में छिपाकर रखी गई देशी शराब और रॉयल स्टैग ब्रांड की अंग्रेजी शराब बरामद की। बरामद शराब की कुल मात्रा लगभग 9 लीटर से अधिक बताई जा रही है।
पुलिस टीम की तत्परता
थानाध्यक्ष चंदन राय के नेतृत्व में उपनिरीक्षक रविंद्र कुमार सिंह, गिरीश बल्लभ शुक्ल और उनकी टीम ने इन दोनों ऑपरेशनों को अंजाम दिया। पुलिस ने सभी अभियुक्तों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि सीमावर्ती क्षेत्रों में तस्करी रोकने के लिए गश्त और चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








