जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

फर्जी सूचना देकर गांव में अफवाह फैलाने की कोशिश, चंदौली पुलिस ने 2 भाइयों को भेजा जेल

चंदौली पुलिस ने डायल 112 पर हिंदू-मुस्लिम दंगे की फर्जी सूचना देकर शांति व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वाले दो भाइयों को गिरफ्तार किया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच के बाद दोनों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की।

 
 

डायल 112 पर दंगे की झूठी सूचना

चंदौली पुलिस ने दो अभियुक्तों को पकड़ा

गांव बसिला में अफवाह फैलाने का प्रयास

शांति व्यवस्था भंग करने पर 170 BNSS में कार्रवाई

घर का बार्जा निकालकर खुद ही रचा ड्रामा

चंदौली जिले में इमरजेंसी नंबर डायल 112 पर फर्जी सूचना देकर सांप्रदायिक सौहार्द और शांति व्यवस्था बिगाड़ने का एक मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अफवाह फैलाने और ग्रामीणों को भड़काने के आरोप में दो सगे भाइयों को गिरफ्तार कर लिया है।

यह पूरी घटना 27 अगस्त 2026 की है। थाना चंदौली क्षेत्र के ग्राम बसिला निवासी विमलेश विश्वकर्मा ने डायल 112 पर कॉल करके सूचना दी कि रास्ते के विवाद को लेकर गांव में हिंदू-मुस्लिम दंगा हो गया है और दूसरे पक्ष के 7-8 लोग उनके घर में घुसकर मारपीट कर रहे हैं।

जांच में सामने आया झूठी सूचना का सच
सांप्रदायिक तनाव की संवेदनशील सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी सदर और प्रभारी निरीक्षक विन्देश्वर प्रसाद पांडेय पुलिस टीम व डायल 112 के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। हालांकि, जब पुलिस ने धरातल पर जांच की तो वहां ऐसा कोई दंगा या मारपीट नहीं पाई गई।

जांच में खुलासा हुआ कि कॉलर विमलेश विश्वकर्मा ने खुद ही अपने घर का बार्जा (छज्जा) निकालकर डायल 112 पर दंगे की झूठी और भ्रामक सूचना दी थी।

गांव में माहौल बिगाड़ने की कोशिश पर पुलिस का एक्शन
पुलिस जब मौके पर पूछताछ कर रही थी, तभी विमलेश विश्वकर्मा (38 वर्ष) और उसका भाई अखिलेश कुमार विश्वकर्मा (32 वर्ष) उग्र हो गए। दोनों जोर-जोर से चिल्लाकर गांव वालों को उकसाने और माहौल बिगाड़ने का प्रयास करने लगे।

गांव में कानून-व्यवस्था और शांति बनाए रखने के लिए चंदौली पुलिस ने दोनों सगे भाइयों को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170 के तहत तुरंत गिरफ्तार कर लिया।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम
अफवाह फैलाने वालों को दबोचने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक विन्देश्वर प्रसाद पांडेय, कांस्टेबल अभिषेक तिवारी और कांस्टेबल तनिष्क साहू शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों ने साफ चेतावनी दी है कि डायल 112 पर झूठी सूचना देने या समाज में अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*