जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

नकली रेलवे अफसर बनकर SBI से लिया 20 लाख का पर्सनल लोन, चंदौली पुलिस ने शातिर को बिहार से गिरफ्तार

चंदौली में फर्जी दस्तावेज और पे-स्लिप के सहारे खुद को रेलकर्मी बताकर भारतीय स्टेट बैंक से 20 लाख रुपये का लोन हड़पने वाले शातिर ठग को पुलिस ने साइबर व सर्विलांस टीम की मदद से दबोच लिया है।

 

फर्जी रेलकर्मी बनकर 20 लाख का फ्रॉड

एसबीआई आईटीसी मॉल शाखा में फर्जीवाड़ा

चंदौली पुलिस और साइबर सेल की बड़ी सफलता

बिहार का शातिर ठग चंदौली में गिरफ्तार

नकली पे-स्लिप से लिया पर्सनल लोन

चंदौली कोतवाली पुलिस ने साइबर और सर्विलांस टीम की मदद से धोखाधड़ी के मामले में लंबे समय से वांछित चल रहे एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी खुद को रेलवे का कर्मचारी बताकर बैंक को फर्जी दस्तावेज जमा कर 20 लाख रुपये का पर्सनल लोन हड़प चुका था।

फर्जी पे-स्लिप और प्रमाण पत्र से लिया 20 लाख का लोन
मामले का खुलासा तब हुआ जब भारतीय स्टेट बैंक (आईटीसी मॉल शाखा, चंदौली) के शाखा प्रबंधक ने 14 अगस्त 2026 को पुलिस में तहरीर दी। शिकायत के अनुसार, आरोपी विजय कुमार राय ने 15 नवंबर 2022 को एक्स-प्रेस क्रेडिट योजना के तहत 20 लाख रुपये का लोन लिया था। इसके लिए उसने फर्जी पे-स्लिप और रेलवे का कूटरचित प्रमाण पत्र लगाया था।

किश्त न आने पर खुला फर्जीवाड़े का राज
लोन की किश्तें आरोपी के सैलरी अकाउंट से कटकर आनी थीं, लेकिन जब लंबे समय तक किश्त जमा नहीं हुई तो बैंक अधिकारियों को शक हुआ। बैंक ने जब रेलवे विभाग से जांच कराई, तो पता चला कि विजय कुमार राय नाम का कोई व्यक्ति वहां नौकरी ही नहीं करता और न ही ऐसी कोई पे-स्लिप जारी हुई है।

कानपुर में रहकर रचता था ठगी की साजिश
इसके बाद चंदौली कोतवाली में बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। 9 सितंबर 2026 को प्रभारी निरीक्षक बिंदेश्वर पांडेय के नेतृत्व में पुलिस व सर्विलांस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में बिहार निवासी आरोपी ने कुबूल किया कि वह कानपुर में प्राइवेट काम करता था और ठगी के लिए उसने नकली दस्तावेज तैयार किए थे।

इस बड़े फर्जीवाड़े का पर्दाफाश करने में कोतवाली प्रभारी बिंदेश्वर प्रसाद पांडेय, निरीक्षक दुर्गेश यादव, रामजीत यादव, साइबर सेल के उ.नि. मिर्जा रिजवान बेग, हे.का. संतोष सिंह तथा सर्विलांस सेल के आरक्षी मनीष कुमार की मुख्य भूमिका रही। गिरफ्तार आरोपी को विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*