अलीनगर पुलिस और RPF की संयुक्त कार्रवाई जारी, शराब लेकर बिहार जाने की कोशिश में 4 गिरफ्तार
लोको कॉलोनी स्थित ग्राउंड के पास छापेमारी
विभिन्न ब्रांड की अंग्रेजी और देशी शराब बरामद
सभी गिरफ्तार आरोपी बिहार के के रहने वाले
चंदौली पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ एक बड़ा अभियान चलाते हुए 50,000 रुपये की अवैध शराब जब्त की है। अलीनगर पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए चार तस्करों को गिरफ्तार किया है, जिनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं।

पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देश पर अवैध शराब तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह सफलता मिली। क्षेत्राधिकारी कृष्ण मुरारी शर्मा के मार्गदर्शन में प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में अलीनगर पुलिस टीम और RPF ने 31 अगस्त 2025 को मिले इनपुट के आधार पर लोको कॉलोनी स्थित ग्राउंड के पास छापेमारी की।
बिहार ले जाकर बेची जानी थी शराब
छापेमारी के दौरान पुलिस ने चार तस्करों को गिरफ्तार किया, जिनकी पहचान आयुष राज (20), हर्ष कुमार (18), मंजू देवी (35) और रिंकू देवी (38) के रूप में हुई। सभी गिरफ्तार आरोपी बिहार के अलग-अलग जिलों के निवासी हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से कुल 35.65 लीटर अवैध शराब बरामद की, जिसमें विभिन्न ब्रांड की अंग्रेजी और देशी शराब शामिल है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे आसपास के ठेकों से अवैध शराब खरीदकर इसे बिहार ले जाते थे, जहाँ ऊंची कीमतों पर बेचकर मुनाफा कमाते थे। इस बरामद शराब की अनुमानित कीमत बिहार के बाजार में लगभग 50,000 रुपये है।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
इस मामले में थाना अलीनगर में मुकदमा संख्या 404/25, धारा 60 आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस संयुक्त कार्रवाई में अलीनगर पुलिस टीम से निरीक्षक अनिल कुमार पाण्डेय, उपनिरीक्षक मनोज कुमार राय और हेड कांस्टेबल तेज बहादुर राम शामिल थे। RPF की टीम से उपनिरीक्षक जितेंद्र नाथ राय, कांस्टेबल छोटेलाल यादव, प्रिंस कुमार और महिला हेड कांस्टेबल रशिदा बानो ने भी अहम भूमिका निभाई।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








