हाईवे जाम किया तो खैर नहीं: लाश रखकर सड़क जाम करने पर 23 नामजद और 115 अज्ञात लोगों पर FIR
चंदौली के अलीनगर में हाईवे पर शव रखकर चक्काजाम करने वालों पर पुलिस ने कड़ी कार्रवाई की है। एम्बुलेंस और आम जनता का रास्ता रोकने के आरोप में 23 नामजद समेत करीब 115 अज्ञात लोगों पर मामला दर्ज किया गया है।
चंदौली में हाईवे जाम पर पुलिस कार्रवाई
शव रखकर सड़क रोकने पर एफआईआर
23 नामजद और 115 अज्ञात पर केस
अलीनगर पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
एम्बुलेंस व राहगीरों का रास्ता रोका था
चंदौली जनपद में कानून व्यवस्था बिगाड़ने और राष्ट्रीय राजमार्ग को बाधित करने वालों पर पुलिस ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। अलीनगर थाना क्षेत्र में सड़क पर शव रखकर राष्ट्रीय राजमार्ग को पूरी तरह जाम करने और आम जनता की आवाजाही ठप करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने बिना किसी अनुमति के हाईवे जाम करने, एम्बुलेंस रोकने और अव्यवस्था फैलाने के आरोप में 23 नामजद व्यक्तियों सहित 110 से 115 अज्ञात लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
शव रखकर दोनों लेन की थी बंद, एम्बुलेंस भी फंसी
घटना बीते सोमवार, 5 अक्टूबर 2026 की शाम करीब 6:00 बजे की है। अलीनगर थाने के उपनिरीक्षक अनिल कुमार यादव अपनी टीम के साथ सकलडीहा तिराहा पर मौजूद थे। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि आयुष अस्पताल आलूमिल के पास कुछ लोग सड़क पर शव रखकर हंगामा कर रहे हैं। परिजनों और करीब 130 से 140 अन्य लोगों ने मुगलसराय से चकिया जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग को बांस-बल्ली लगाकर दोनों तरफ से पूरी तरह बंद कर दिया है। इस चक्काजाम के कारण एम्बुलेंस में जिंदगी और मौत से जूझ रहे मरीजों के साथ-साथ आम राहगीर घंटों फंसे रहे और अफरातफरी का माहौल बन गया।
पुलिस के समझाने पर भी उग्र हुई भीड़, एसडीएम और सीओ ने खुलवाया रास्ता
सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। जांच में पता चला कि मृतक पुनवासी चौहान (निवासी वार्ड नंबर 3, अलीनगर) के परिजन और उनके साथ जुटे लोग उग्र होकर नारेबाजी कर रहे थे। पुलिस अधिकारियों ने भीड़ को काफी समझाने-बुझाने की कोशिश की, लेकिन लोग अपनी जिद पर अड़े रहे और माहौल ज्यादा तनावपूर्ण हो गया। बाद में स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उपजिलाधिकारी (SDM) और क्षेत्राधिकारी (CO) पीडीडीयू नगर खुद मौके पर पहुंचे। उन्होंने काफी देर तक समझा-बुझाकर परिजनों और ग्रामीणों को शांत कराया, जिसके बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात बहाल कराया जा सका।
अलीनगर थाने में दर्ज हुआ केस, पुलिस जांच में जुटी
इस पूरी घटना के संबंध में उपनिरीक्षक अनिल कुमार यादव की तहरीर पर थाना अलीनगर में बीएनएस की धारा 285, 126(2), 189(2) और 7 सीएलए एक्ट (आपराधिक कानून संशोधन अधिनियम 1932) के तहत मुकदमा संख्या 0618/2026 दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने राहुल चौहान, राहुल, जय सिंह, भदई चौहान, गुलाब पटेल, मुस्ताक कुरैशी उर्फ मुमताज कुरैशी, राजकुमार, बब्लू यादव, कांता पासवान, बंसनारायण चौहान, अजीत पासवान, विकास, अजय चौहान, वीरेंद्र आर्या, संदीप, निखिल, गोलू, राहुल, सनी, आकाश, लकी, जानू और विक्की सहित 23 लोगों को नामजद किया है। इसके अलावा 110 से 115 अज्ञात महिला-पुरुषों के खिलाफ भी कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
कानून हाथ में लेने वालों को चंदौली पुलिस की सख्त चेतावनी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अब वीडियो फुटेज और साक्ष्यों के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान करने में जुट गई है। चंदौली पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जिले में शांति, सुगम यातायात और आम जनमानस की सुरक्षा से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सही और कानूनी रास्ता अपनाएं। सड़क जाम कर दूसरों को परेशानी में डालना अपराध है, इसलिए कानून का पालन करें और व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







