जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

जलालपुर हत्याकांड का खुलासा: 80 बीघा जमीन के लिए कलयुगी भाई ने सगे छोटे भाई को उतारा मौत के घाट

जलालपुर में होली के बाद हुई सनसनीखेज हत्या का चंदौली पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। 80 बीघा पैतृक जमीन के लालच में बड़े भाई ने ही छोटे भाई के सिर में गोली मारकर हत्या की और साक्ष्य मिटाने के लिए सीसीटीवी का डीवीआर तालाब में फेंक दिया।

 
 

80 बीघा जमीन का खूनी विवाद

बड़े भाई विवेक सिंह ने की हत्या

तालाब से बरामद पिस्टल और डीवीआर

निर्दोष ग्रामीणों को फंसाने की साजिश

स्वाट और सर्विलांस टीम की बड़ी सफलता

चंदौली जनपद के कंदवा थाना क्षेत्र अंतर्गत जलालपुर गांव में होली के दूसरे दिन हुई सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया था। युवा किसान विशाल सिंह की हत्या के मामले में पुलिस ने जो खुलासा किया है, उसने रिश्तों को शर्मसार कर दिया है। पुलिस जांच में यह स्पष्ट हो गया है कि विशाल सिंह की जान लेने वाला कोई बाहरी अपराधी नहीं, बल्कि उसका अपना सगा बड़ा भाई विवेक सिंह ही निकला।

80 बीघा जमीन और रुपयों का विवाद बना काल
पुलिस अधीक्षक के अनुसार, विशाल और विवेक दोनों भाइयों के नाम कुल मिलाकर लगभग 80 बीघा पैतृक जमीन है। लंबे समय से इस बेशकीमती जमीन और बेची गई जमीन के पैसों के बंटवारे को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। बड़ा भाई विवेक सिंह जमीन का कुछ हिस्सा बेचना चाहता था, लेकिन छोटा भाई विशाल सिंह इसका कड़ा विरोध कर रहा था। इसी जमीन विवाद और वर्चस्व की लड़ाई ने अंततः एक सगे भाई को दूसरे का कातिल बना दिया।

सोते समय सिर में मारी गोली और मिटाए सबूत
विवेक सिंह ने अपने ही भाई को रास्ते से हटाने के लिए एक सोची-समझी साजिश रची। जब विशाल सिंह घर के हॉल में सो रहा था, तब विवेक ने उसके सिर में करीब से गोली मारकर उसे मौत के घाट उतार दिया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी ने बड़ी चतुराई दिखाई। उसने हत्या में प्रयुक्त पिस्टल और घर में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर (DVR) पास के ही एक तालाब में फेंक दिया ताकि कोई डिजिटल साक्ष्य पुलिस के हाथ न लगे।

निर्दोषों को फंसाने की थी गहरी साजिश
खुद को कानून की नजरों में बेगुनाह साबित करने और पुलिस का ध्यान भटकाने के लिए विवेक ने एक और चाल चली। उसने हत्या के बाद गांव के ही तीन निर्दोष लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज करा दिया, ताकि पुलिस की जांच दूसरी दिशा में मुड़ जाए और वह बच निकले। हालांकि, पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम की संयुक्त जांच में विवेक के बयानों में विरोधाभास मिला, जिससे शक की सुई उस पर घूम गई।

आरोपी भाई का पहले भी रहा है आपराधिक इतिहास 
सख्ती से पूछताछ करने पर विवेक सिंह ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर तालाब से हत्या में प्रयुक्त पिस्टल और सीसीटीवी का डीवीआर बरामद कर लिया है। एसपी ने बताया कि आरोपी विवेक सिंह का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और उसके ऊपर पूर्व में हत्या सहित दो अन्य गंभीर मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

Tags

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*