मुगलसराय में कवरेज कर रहे पत्रकार पर जानलेवा हमला, मोबाइल तोड़ा और दी जान से मारने की दी धमकी
मुगलसराय में अतिक्रमण हटाओ अभियान की कवरेज के दौरान टीवी पत्रकार संजय पर दबंगों ने जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने पत्रकार का मोबाइल तोड़कर उन्हें जान से मारने की धमकी दी, जिसके बाद पुलिस कार्रवाई में जुट गई है।
कवरेज कर रहे पत्रकार पर जानलेवा हमला
अतिक्रमणकारियों ने पत्रकार का मोबाइल कूचा
मौके पर मची भारी अफरा-तफरी
सत्तापक्ष के नेता के संरक्षण का आरोप
आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज, तलाश जारी
https://www.youtube.com/shorts/gaYlHwalukw
चंदौली जिले के मुगलसराय में सोमवार को उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान की कवरेज कर रहे एक टीवी चैनल के पत्रकार संजय पर कुछ दबंगों ने हमला कर दिया। यह घटना उस समय हुई जब एसडीएम और क्षेत्राधिकारी (सीओ) के नेतृत्व में भारी पुलिस बल और बुलडोजर अवैध निर्माणों को ढहाने की कार्रवाई कर रहे थे।
वीडियो बनाने पर भड़के अतिक्रमणकारी
जानकारी के अनुसार, पत्रकार संजय मौके पर मौजूद रहकर अपने मोबाइल से प्रशासनिक कार्रवाई की वीडियो रिकॉर्डिंग कर रहे थे। इसी बीच कुछ अतिक्रमणकारियों ने अचानक उन्हें घेर लिया और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि हमलावरों ने पत्रकार पर जानलेवा हमला किया और उनका कीमती मोबाइल फोन छीनकर जमीन पर पटक कर कूच दिया। दबंगों ने उन्हें भविष्य में खबर न चलाने और जान से मारने की खुलेआम धमकी भी दी। इस अचानक हुए हमले से मौके पर भगदड़ की स्थिति बन गई।
सत्तापक्ष के संरक्षण का आरोप
इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों में भारी रोष है। चर्चा है कि हमला करने वाले कुछ अतिक्रमणकारी क्षेत्र में काफी समय से विवादित रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इन दबंगों को सत्तापक्ष के एक प्रभावी नेता का संरक्षण प्राप्त है, जिसके कारण पुलिस और प्रशासन इनके अवैध कार्यों पर हाथ डालने से कतराता रहा है। इसी हनक के चलते उन्होंने अधिकारियों की मौजूदगी में ही पत्रकार पर हमला करने का दुस्साहस दिखाया।
पुलिस की कार्रवाई ने आश्वासन
घटना के बाद पत्रकार संगठनों ने भी इस मामले में नाराजगी जताई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी अरुण सिंह ने बताया कि पीड़ित पत्रकार की तहरीर प्राप्त हो गई है और संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कड़े लहजे में कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर हमला बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आरोपियों की पहचान की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए टीमें लगा दी गई हैं। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि दोषियों के खिलाफ ऐसी कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी जो भविष्य के लिए नजीर बनेगी।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








