जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

चंदौली में 12 चक्का ट्रक से 13 लाख की अवैध शराब जब्त, विशेष चैंबर बनाकर बिहार ले जाने की साजिश नाकाम

चंदौली की कंदवा पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम ने 12 चक्का ट्रक से 13 लाख रुपये कीमत की 147 पेटी अवैध शराब बरामद की है। गुप्त चैंबर में छिपाकर शराब बिहार ले जाई जा रही थी।

 
 

12 चक्का ट्रक से अवैध शराब बरामद

गुप्त चैंबर में छिपाई 147 पेटी शराब

13 लाख रुपये बताई जा रही कीमत

कंदवा पुलिस और स्वाट टीम की कार्रवाई

मिर्जापुर निवासी ट्रक चालक रिंकू गिरफ्तार

चंदौली जिले में शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत स्वाट, सर्विलांस और थाना कंदवा पुलिस की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता हासिल हुई है। चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने एक 12 चक्का ट्रक को रोककर उसमें छिपाई गई 147 पेटी अवैध अंग्रेजी, देशी शराब और बीयर बरामद की है। जब्त की गई शराब की कुल मात्रा 1354.8 लीटर है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग 13 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने मौके से ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है।

भागने की कोशिश कर रहा था ट्रक चालक
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, 14 सितंबर 2026 की रात करीब 2:18 बजे मुखबिर की सटीक सूचना पर कंदवा थाने के ठीक सामने बैरियर लगाकर वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान कंदवा की ओर से आ रहे वाहनों की कतार में शामिल ट्रक (संख्या UP60BT9648) का चालक पुलिस को देखकर अचानक कतार से अलग होकर यू-टर्न लेकर भागने की कोशिश करने लगा। संदेह होने पर पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी की और ट्रक को मौके पर ही रोक लिया।

kandwa-police-seized-13-lakh-illegal-liquor-truck

लोहे की चादर के नीचे बना था गुप्त चैंबर
जब पुलिस ने पकड़ गए ट्रक की बारीकी से तलाशी ली, तो डाले में लोहे की चादर के नीचे बेहद शातिराना अंदाज में विशेष रूप से बनाया गया एक गुप्त चैंबर मिला। इस चैंबर को खोलकर देखा गया तो उसमें भारी मात्रा में शराब छिपाकर रखी गई थी। बरामद खेप में 1 पेटी ब्लेंडर प्राइड अंग्रेजी शराब, 45 पेटी 8 पीएम, 16 पेटी किंगफिशर एक्स्ट्रा स्पेशल स्ट्रांग बीयर और 85 पेटी ब्ल्यू लाइम देशी शराब मसाला शामिल पाई गई।

kandwa-police-seized-13-lakh-illegal-liquor-truck

मिर्जापुर का रहने वाला है गिरफ्तार चालक
मौके से गिरफ्तार किए गए आरोपी ट्रक चालक की पहचान रिंकू चौहान (38 वर्ष), पुत्र कदम चौहान, निवासी हिनौता (थाना अहरौरा, जिला मिर्जापुर) के रूप में हुई है। कड़ाई से की गई पूछताछ में चालक ने स्वीकार किया कि बिहार राज्य में शराबबंदी का फायदा उठाकर वहां ऊंचे दामों पर शराब बेचने के लिए इस गुप्त चैंबर का इस्तेमाल किया जाता था। उसने इस धंधे में ट्रक मालिक और कुछ शराब दुकानों के सेल्समैन की मिलीभगत की बात भी कबूली है।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, कानूनी कार्रवाई जारी
पुलिस ने आरोपी के पास से 1,000 रुपये नकद और एक नोकिया की-पैड मोबाइल फोन भी जब्त किया है। इसके अलावा तस्करी में इस्तेमाल किए गए 12 चक्का ट्रक को धारा 207 एमवी एक्ट के तहत सीज कर दिया गया है। थाना कंदवा में मामला दर्ज कर (मुकदमा अपराध संख्या 77/2026, धारा 60/63 आबकारी अधिनियम) आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस सफल कार्रवाई में कंदवा पुलिस के साथ स्वाट और सर्विलांस टीम की मुख्य भूमिका रही।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*