आम के बाग में पुआल के नीचे छिपाई मिली 35 वर्षीय युवक की लाश, पहचान करने की कोशिश जारी
मुगलसराय कोतवाली इलाके में एक और सनसनीखेज वारदात
पुआल के नीचे छिपाकर रखी गयी लाश बरामद
सीओ कृष्ण मुरारी शर्मा ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
पुलिस जुटी शव की शिनाख्त कराने में लगा रही है जोर
मौके पर जुटी भीड़, पहुंची फॉरेंसिक टीम
चंदौली जिले में स्थित मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के मढ़िया इलाके में बंधा रोड पर रविवार की सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक आम के बगीचे में काम करने पहुंचे मजदूरों ने लगभग 35 वर्षीय युवक का रक्त रंजित शव देखा। मजदूरों ने देखा कि ईंटों के बगल में पुआल के नीचे शव को छिपाकर रखा गया था। इस भयावह नजारे को देखकर मजदूर दहशत में आ गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
मौके पर जुटी भीड़, पहुंची फॉरेंसिक टीम
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए। सूचना पाकर पुलिस भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर दी। घटना की गंभीरता को देखते हुए, जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। मौके पर पहुंचे पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर के सीओ (CO) कृष्ण मुरारी शर्मा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां जुटी स्थानीय लोगों की भीड़ को नियंत्रित किया।
पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र का जलीलपुर पुलिस चौकी क्षेत्र लगातार क्राइम जोन बनता जा रहा है। इलाके में लगातार चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिनका खुलासा न होने के कारण पहले से ही लोगों में दहशत का माहौल है। अब इस रक्त रंजित शव के मिलने से स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।
शिनाख्त के प्रयास और ग्रामीणों के कयास
मृतक की शिनाख्त अभी तक नहीं हो पाई है। सीओ कृष्ण मुरारी शर्मा ने बताया कि पुलिस शव की पहचान कराने के प्रयास कर रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, और आगे की विधिक कार्रवाई में जुट गई है।
इस बीच, स्थानीय ग्रामीणों ने शव मिलने के संबंध में कई कयास लगाए हैं। ग्रामीणों का मानना है कि रात के अंधेरे में किसी बाहरी व्यक्ति द्वारा शव यहां लाकर फेंका गया होगा। कुछ स्थानीय लोगों ने बताया कि गांव में एक बारात आई थी, और संभावना जताई कि हो सकता है यह व्यक्ति उस बारात में शामिल रहा हो।
सीओ कृष्ण मुरारी शर्मा ने स्पष्ट किया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों और पूरी घटना की पुष्टि हो सकेगी
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







