जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

नौगढ़ इलाके में पुलिस कस्टडी से फरार हुआ था छेड़खानी का आरोपी, 1 माह बाद हुयी कार्रवाई

आरोपी एनायत पर चकरघट्टा थाने में दर्ज छेड़छाड़ के मुकदमे में न्यायालय से गैर-जमानती वारंट (NBW) जारी था। फरारी के बाद पुलिस ने उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी और मुखबिरों की सूचना के आधार पर उसे दोबारा कब्जे में लिया।
 

पुलिस कप्तान की फटकार के बाद दो पुलिसकर्मियों पर दर्ज हुआ मुकदमा

मेडिकल टेस्ट के दौरान अस्पताल से भागा छेड़खानी करने का आरोपी 

चकरघट्टा थाना पर तैनात हैं आरोपी कांस्टेबल अनिल सिंह और होमगार्ड रामलाल गुप्ता 

 नौगढ़ में अस्पताल कैंपस में मेडिकल परीक्षण के दौरान भागा था आरोपी 

चंदौली जिले के सर्किल नौगढ़ में मेडिकल परीक्षण के दौरान छेड़खानी आरोपी के पुलिस अभिरक्षा से फरार होने की घटना पर देर से कार्रवाई को लेकर एसपी आदित्य लांग्हे ने स्पष्ट रूप से नाराजगी जताई। उन्होंने इसे कानून-व्यवस्था के साथ खिलवाड़ बताते हुए जिम्मेदारी तय करने के निर्देश दिए। एसपी ने कहा कि फरार आरोपी की घटना को हल्के में लेना विभागीय अनुशासन के विरुद्ध है और ऐसी चूक दोबारा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसी के बाद नौगढ़ पुलिस ने हेड कांस्टेबल अनिल सिंह और होमगार्ड रामलाल गुप्ता पर एक माह पुराने मामले में लापरवाही का मुकदमा दर्ज किया है। 

आपको बता दें कि चकरघट्टा थाना क्षेत्र के  बरवाडीह  निवासी आरोपी एनायत को छेड़छाड़ के प्रकरण में गिरफ्तार किया गया था। उसे मेडिकल परीक्षण के लिए सीएचसी नौगढ़ ले जाया गया था। इसी दौरान आरोपी ने पुलिस कर्मियों की सतर्कता की कमी का फायदा उठाकर कुछ ही सेकंड में अभिरक्षा से निकलकर अस्पताल परिसर से फरार हो गया, जिससे पुलिसकर्मियों की चौकसी पर गंभीर सवाल उठे। घटना के बाद थाना स्तर पर तलाशी अभियान शुरू हुआ लेकिन मामले की कार्रवाई एक माह तक विभागीय फाइलों में अटकी रही। 


जांच - पड़ताल में सामने आया है कि आरोपी को मेडिकल रूम में ले जाने के दौरान सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन नहीं किया गया था। कर्मियों ने आरोपी की हरकतों को गंभीरता से नहीं लिया और उसकी गतिशीलता को रोकने के लिए पर्याप्त कदम नहीं उठाए। रिपोर्ट में यह भी दर्ज हुआ कि उस समय न तो हथकड़ी ठीक से लगी थी और न ही निगरानी की उचित व्यवस्था थी। यही लापरवाही आरोपी के भागने का मुख्य कारण बनी, जिसके बाद जांच अधिकारी ने दोनों कर्मियों पर कार्रवाई की संस्तुति की।


वारंटेड आरोपी की गिरफ्तारी

आरोपी एनायत पर चकरघट्टा थाने में दर्ज छेड़छाड़ के मुकदमे में न्यायालय से गैर-जमानती वारंट (NBW) जारी था। फरारी के बाद पुलिस ने उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी और मुखबिरों की सूचना के आधार पर उसे दोबारा कब्जे में लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी से  पूछताछ की गई जिसमें उसने फरार होने की अपनी योजना और मौके का लाभ उठाने की बात कबूल की। इसके बाद आरोपी को विधिक कार्रवाई पूर्ण करते हुए न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया।

एसपी ने पूछा—कार्रवाई एक माह क्यों रोकी गई?

एसपी आदित्य लांग्हे ने समीक्षा बैठक में स्पष्ट कहा कि गिरफ्त में आए आरोपी का भाग जाना पुलिस की छवि को नुकसान पहुँचाने वाली घटना है। उन्होंने यह भी पूछा कि घटना इतनी गंभीर होने के बावजूद विभागीय कार्रवाई फाइलों में क्यों दबाई गई और किस स्तर पर देरी की गई। एसपी ने सभी थानेदारों को चेतावनी देते हुए कहा कि अभिरक्षा में चूक को किसी भी स्थिति में माफ नहीं किया जाएगा और जिम्मेदारों पर तुरंत कार्रवाई होगी। उनकी सख्त नाराज़गी के बाद नौगढ़ पुलिस ने मामला पुनः सक्रिय किया और दोनों पुलिस कर्मियों पर FIR दर्ज की गई।

Tags

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*