जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

मुगलसराय में दहेज हत्या का सनसनीखेज मामला: फांसी का नाटक रचने वाला पति गिरफ्तार, मायके वालों ने लगाया मर्डर का आरोप

चंदौली की मुगलसराय पुलिस ने दहेज हत्या के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। शादी के बाद से ही ससुराल वाले दहेज के लिए प्रताड़ित कर रहे थे।

 
 

दहेज हत्या का आरोपी गिरफ्तार

आत्महत्या के ड्रामे की पोल खुली

हनुमानपुर से दबोचा गया पति

पुलिस टीम को मिली सफलता

चंदौली जिले के मुगलसराय थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां दहेज के लालच में एक हंसती-खेलती बेटी की जान चली गई। इस मामले में तत्परता दिखाते हुए मुगलसराय पुलिस टीम ने दहेज हत्या के मुकदमे में नामजद मुख्य आरोपी पति को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है।

यह पूरा मामला तब खुला जब मिर्जापुर जिले के जमालपुर थाना क्षेत्र के कैमा रसूलपुर निवासी किशन पटेल ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। किशन ने बताया कि उन्होंने अपनी बहन प्रिया पटेल की शादी साल 2022 में मुगलसराय के हनुमानपुर निवासी अजय पटेल उर्फ गोपी पटेल के साथ की थी। लेकिन शादी के बाद से ही पति, देवर और ननद मिलकर दहेज की मांग को लेकर प्रिया को लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने लगे।

फांसी की सूचना पर गले पर नहीं मिले फंदे के निशान
भाई किशन ने आरोप लगाया कि 22 जून को ही प्रिया अपने मायके से ससुराल लौटी थी। इसके बाद 26 जून की रात करीब 8:30 बजे उसके पति अजय ने फोन कर सूचना दी कि प्रिया ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। जब मायके वाले आनन-फानन में मौके पर पहुंचे, तो वहां का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए।

मृतका प्रिया के गले पर फांसी के फंदे का कोई निशान ही नहीं था। भाई और मायके पक्ष के लोगों ने सीधा आरोप लगाया कि ससुराल वालों ने मिलकर उसकी बहन की हत्या की है और इस वारदात को आत्महत्या का रूप देने के लिए फांसी का झूठा नाटक रचा है। इस तहरीर के आधार पर पुलिस ने तुरंत मुकदमा संख्या 316/2026 के तहत बीएनएस की गंभीर धाराओं और दहेज प्रतिषेध अधिनियम में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

भागने की फिराक में था आरोपी पति
केस दर्ज होने के बाद से ही पुलिस की टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी थीं। बुधवार, 1 जुलाई को प्रभारी निरीक्षक विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस को मुखबिर से पक्की सूचना मिली कि इस केस का मुख्य आरोपी अजय पटेल उर्फ गोपी पटेल हनुमानपुर अहिरान बस्ती स्थित अपने घर पर ही मौजूद है और कहीं दूर भागने के चक्कर में है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बिना कोई वक्त गंवाए ग्राम हनुमानपुर में आरोपी के घर के आसपास तगड़ी घेराबंदी कर दी। जैसे ही आरोपी घर के बाहर निकला, पुलिस ने उसे धर दबोचा। करीब 29 वर्षीय आरोपी अजय पटेल को नियमानुसार हिरासत में लेकर आगे की कानूनी और विधिक कार्रवाई की जा रही है।

इस त्वरित कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह के साथ कूड़ाबाजार चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक विजय राज और हेड कांस्टेबल अतुल कुमार शामिल रहे। पुलिस अब केस से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*