जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

आजमगढ़ से चुराई थी बाइक, चंदौली में फर्जी नंबर प्लेट लगाकर घूम रहा था शातिर चोर; ई-चालान ऐप से पकड़ा गया

मुगलसराय पुलिस ने चेकिंग के दौरान चोरी की बाइक और फर्जी नंबर प्लेट के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। आजमगढ़ से चुराई गई बाइक का राज चेचिस नंबर से ई-चालान ऐप पर चेकिंग के दौरान खुला।

 

मुगलसराय में फर्जी नंबर प्लेट बाइक बरामद

ई-चालान ऐप से पकड़ा गया चोर

आजमगढ़ से चोरी हुई थी स्प्लेंडर

चेचिस नंबर से खुला चोरी का राज

आरोपी के खिलाफ बीएनएस में केस दर्ज

चंदौली जिले की मुगलसराय थाना पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान एक शातिर बाइक चोर को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पकड़ा गया युवक आजमगढ़ से चुराई गई बाइक पर जाली नंबर प्लेट लगाकर बेखौफ घूम रहा था। पुलिस की सतर्कता और ई-चालान ऐप की मदद से इस पूरे फर्जीवाड़े का पर्दाफाश हुआ।

चेकिंग के दौरान पुलिस को देखकर रुका बाइक सवार
थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह के नेतृत्व में मुगलसराय पुलिस टीम जीटीआर ब्रिज से चहनिया जाने वाले मार्ग पर राममंदिर के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी बीच वीआईपी गेट की तरफ से एक युवक मोटरसाइकिल से आता दिखा। पुलिस टीम ने जब उसे रुकने का इशारा किया, तो उसने गाड़ी रोक दी। पूछताछ में उसने अपना नाम राजन राय (20 वर्ष), निवासी ग्राम सेवड़ी मड़ई, थाना बलुआ (चंदौली) बताया।

कागजात मांगने पर उड़े होश तो ऐप ने खोली पोल
जब पुलिस ने युवक से गाड़ी के कागजात मांगे, तो वह हीला-हवाली करने लगा। बाइक पर हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट (UP67BR5507) लगी थी। पुलिसकर्मियों ने जब इस नंबर को ई-चालान ऐप पर सर्च किया, तो कोई विवरण शो नहीं हुआ। इसके बाद संदेह होने पर पुलिस ने बाइक के चेचिस और इंजन नंबर से ऐप पर डेटा सर्च किया, तो पूरी हकीकत सामने आ गई।

आजमगढ़ में बाइक चोरी का दर्ज था मुकदमा
ऐप में दर्ज डेटा के अनुसार, बाइक का असली नंबर UP61BJ5361 (हीरो स्प्लेंडर प्लस) था और इसके मालिक निशांत प्रजापति (निवासी इनारुपुर, गाजीपुर) थे। पूछताछ में आरोपी राजन राय ने कबूल किया कि उसने यह बाइक पिछले साल आजमगढ़ से चुराई थी और पहचान छुपाने के लिए फर्जी नंबर प्लेट लगा रखी थी। जब असली वाहन स्वामी से संपर्क किया गया, तो उन्होंने बताया कि 22 फरवरी 2025 को थाना मेहनाजपुर (आजमगढ़) में चोरी की प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी।

मुकदमा दर्ज कर भेजा गया जेल
पुलिस ने 11 सितंबर 2026 की रात करीब 2:40 बजे चोरी की बाइक जब्त करते हुए आरोपी राजन राय को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक वीवो मोबाइल और 400 रुपये नकद भी बरामद हुए। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना मुगलसराय में बीएनएस (BNS) की सुसंगत धाराओं के तहत केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*