जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

मुगलसराय में जानलेवा हमला करने वाला अरेस्ट, हथियार भी हुआ बरामद

चंदौली की मुगलसराय पुलिस ने बीच-बचाव करने पर सिर पर पटरे से हमला करने वाले 20 वर्षीय आरोपी दिलीप सिंह को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त सेंटरिंग का पटरा बरामद किया है।

 
 

मुगलसराय पुलिस की बड़ी सफलता

जानलेवा हमले का आरोपी गिरफ्तार

सेंटरिंग के पटरे से हमला

थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह की कार्रवाई

चंदौली पुलिस का त्वरित एक्शन

चंदौली जिले की थाना मुगलसराय पुलिस टीम ने जानलेवा हमला यानी हत्या के प्रयास की घटना में शामिल वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के पास से वारदात में इस्तेमाल किया गया सेंटरिंग का पटरा भी बरामद कर लिया है। पकड़े गए अभियुक्त के खिलाफ पुलिस विभाग द्वारा नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

विवाद में बीच-बचाव करने पर हमला
घटना की पूरी जानकारी देते हुए बताया गया कि 28 अक्टूबर 2026 को ग्राम गोपालपुर निवासी मो. गालिब ने थाने में तहरीर दी थी। पीड़ित के अनुसार, टेंगरा मोड़-जिवनाथपुर रोड पर स्थित एक चिकन की दुकान पर कर्मचारी सत्यम उर्फ लम्बू से अभियुक्त दिलीप गाली-गलौज कर रहा था। जब वादी मो. गालिब ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो अभियुक्त ने पास रखे सेंटरिंग के पटरे से उनके सिर पर जोरदार वार कर दिया।

गंभीर चोट के बाद मामला दर्ज
इस हमले में वादी मो. गालिब के सिर में गंभीर चोटें आई थीं। पीड़ित की लिखित तहरीर के आधार पर थाना मुगलसराय में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1), 115(2) और 352 के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी और आरोपी की तलाश में जुट गई थी।

पटनवां तिराहे से हुई गिरफ्तारी
उच्चाधिकारियों के निर्देशन में थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार आरोपी की तलाश कर रही थी। 30 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से सटीक सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने पटनवां तिराहे के पास घेराबंदी की। वहां से 20 वर्षीय अभियुक्त दिलीप सिंह उर्फ अजय सिंह पुत्र स्व. पारस नाथ सिंह, निवासी ग्राम हमीदपुर को गिरफ्तार कर लिया गया।

बरामदगी करने वाली पुलिस टीम
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने विवेचना के दौरान वादी की निशानदेही पर घटनास्थल के पास से हमले में इस्तेमाल किया गया एक अदद सेंटरिंग का पटरा बरामद कर अपने कब्जे में ले लिया। इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह, उप-निरीक्षक सूरज रावत और हेड कांस्टेबल सनोज सिंह शामिल रहे।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*