जीटीआर ब्रिज के पास पिट्ठू बैग में बिक रही थी शराब, 7 लीटर से ज्यादा 8PM गोल्ड के साथ युवक धराया
चंदौली की मुगलसराय कोतवाली पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान के दौरान वीआईपी गेट नंबर-1 के पास से एक शराब तस्कर को गिरफ्तार किया है। अभियुक्त के पास से 40 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब, कैश और मोबाइल बरामद किया गया है।
मुगलसराय पुलिस ने अवैध शराब तस्कर दबोचा
जीटीआर ब्रिज के पास से हुई गिरफ्तारी
बिहार के पटना का रहने वाला है आरोपी
40 बोतल अवैध 8PM गोल्ड शराब बरामद
चंदौली जिले में अपराध और अवैध शराब की तस्करी पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे चेकिंग अभियान में मुगलसराय कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने जीटीआर ब्रिज के पास घेराबंदी करके एक संदिग्ध युवक को 40 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
मुखबिर की सटीक सूचना पर हुई कार्रवाई
जानकारी के अनुसार, 30 जुलाई 2026 को थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम वीआईपी गेट नंबर-01 के पास संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की जांच कर रही थी। उसी समय मुखबिर से सूचना मिली कि जीटीआर ब्रिज की उत्तरी सीढ़ी के पास एक युवक पिट्ठू बैग में अवैध शराब रखकर बेचने की फिराक में बैठा है।
भागने की कोशिश कर रहा आरोपी मौके पर धराया
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर इलाके की घेराबंदी की। पुलिस को अपनी ओर आता देख आरोपी भागने लगा, लेकिन पुलिस जवानों ने आवश्यक बल प्रयोग कर उसे मौके पर ही दबोच लिया। तलाशी लेने पर उसके काले रंग के पिट्ठू बैग से 8PM Gold ब्रांड की 40 बोतलें (कुल 7.200 लीटर) अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुईं।
बिहार का रहने वाला है गिरफ्तार अभियुक्त
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने अपना नाम विजय कुमार पासवान (उम्र लगभग 20 वर्ष), निवासी ग्राम बलुआ, थाना मनेर, जनपद पटना (बिहार) बताया। पुलिस ने उसके कब्जे से शराब के अलावा 200 रुपये नकद और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है।
मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई जारी
मामले में मुगलसराय पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत मुकदमा संख्य़ा- 379/2026 दर्ज कर लिया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस सफल कार्रवाई में थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक शिवपूजन बिन्द, कांस्टेबल अभिषेक कुमार यादव और कांस्टेबल अमित कुमार यादव शामिल रहे।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








