धमकाने वाले गया जेल : जिम संचालक के भाई पर गोली चलाने वाला गिरफ्तार, बिहार भागने की फिराक में था अपराधी
मुगलसराय पुलिस ने जिम संचालक अरविंद यादव के भाई राजू यादव पर जानलेवा हमला करने वाले वांछित अभियुक्त रामलखन यादव को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए अपराधी के पास से अवैध असलहा बरामद हुआ है। वह स्टेशन के रास्ते बिहार भागने की फिराक में था।
वांछित अभियुक्त रामलखन यादव गिरफ्तार
देशी असलहा और खोखा कारतूस बरामद
गवाह की हत्या करने की थी योजना
मुगलसराय पुलिस टीम को मिली सफलता
स्टेशन से बिहार भागने की थी फिराक
चंदौली जनपद में अपराध नियंत्रण और अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत मुगलसराय कोतवाली पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने जिम संचालक अरविंद यादव (मृतक) के भाई राजू यादव पर जानलेवा हमला करने वाले वांछित अभियुक्त रामलखन यादव को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में गठित टीम ने आरोपी को गंजी प्रसाद तिराहे के पास से उस समय घेराबंदी कर पकड़ा, जब वह ट्रेन के जरिए बिहार भागने की फिराक में था।
देशी असलहा और कारतूस बरामद
प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि राजू यादव पर फायरिंग करने वाला मुख्य आरोपी न्यू सेंट्रल कॉलोनी के रास्ते प्लेटफॉर्म नंबर 8 की ओर जा रहा है। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए घेराबंदी की और अभियुक्त को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक .315 बोर का देशी असलहा और एक खोखा कारतूस बरामद किया गया है। पकड़ा गया अभियुक्त रामलखन यादव, अलीनगर थाना क्षेत्र के सिकटिया परशुरामपुर का निवासी है।
पूछताछ में हुआ चौंकाने वाला खुलासा
पुलिस की कड़ी पूछताछ में अभियुक्त ने स्वीकार किया कि उसने अपने साथियों लादेन यादव और अमन यादव के साथ मिलकर राजू यादव की हत्या की साजिश रची थी। अभियुक्त ने बताया कि वे 26 जनवरी की रात सिकटिया रेलवे क्रॉसिंग के पास राजू यादव का इंतजार कर रहे थे। जैसे ही राजू वहां पहुंचा, उस पर हत्या की नीयत से फायर किया गया, लेकिन वह बाल-बाल बच गया। मुकदमे की जानकारी होने के बाद आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए बिहार जाने की योजना बना रहा था।
अपराधिक इतिहास और पुलिस टीम
गिरफ्तार रामलखन यादव एक शातिर अपराधी है, जिस पर हत्या और गैंग्स्टर एक्ट जैसे गंभीर मामले पहले से दर्ज हैं। इस सफल गिरफ्तारी में प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह, चौकी प्रभारी अजय कुमार, हेड कांस्टेबल अभिषेक दुबे, कांस्टेबल अमित यादव और विशाल वर्मा की अहम भूमिका रही। पुलिस अब इस मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*






