जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

मुगलसराय पुलिस ने 4 शातिर चोरों को दबोचकर किया एक दर्जन चोरियों का खुलासा

पकड़े गए अभियुक्तों ने पूछताछ में खुलासा किया कि वे दिन में पंचायत भवनों और सरकारी स्कूलों की रेकी करते थे, जहां रात में चौकीदारी नहीं रहती थी।
 

मुगलसराय कोतवाली पुलिस का बड़ा खुलासा

चोरी की 12 घटनाओं का पर्दाफाश

11 लाख का माल बरामद

जानिए कैसे खपाया करते थे चोरी का माल

चंदौली जनपद में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर नकेल कसते हुए मुगलसराय थाना पुलिस ने एक अंतरजनपदीय चोरी गिरोह का भंडाफोड़ कर दिया है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए चार शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से चोरी का भारी भरकम माल बरामद हुआ है जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 11 लाख रुपये बताई जा रही है।

crime

मैजिक गाड़ी में छिपाकर बिहार बेचने जा रहे थे चोरी का सामान
15 जून 2025 को मुगलसराय पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि पिछले कई महीनों से पंचायत भवन, स्कूल, अस्पताल व अन्य सरकारी भवनों से चोरी होने वाला गिरोह चोरी का सामान एक मैजिक गाड़ी में लादकर बिहार बेचने की फिराक में है। पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर कुरहना वाराणसी रिंग रोड के पास चार चोरों को दबोच लिया।
मौके से बिना नंबर प्लेट की मैजिक गाड़ी में चोरी का सामान काले पॉलीथिन में ढका हुआ मिला। पुलिस ने गाड़ी सहित चारों को कब्जे में ले लिया।

crime

जब्त सामान की लंबी सूची
पुलिस ने चोरी के जो सामान बरामद किए हैं, उनमें पंचायत भवन, स्कूलों और दुकानों से चोरी की गईं 18 बैटरियां, 8 इन्वर्टर, 4 कंप्यूटर, 1 प्रिंटर, 4 मॉनिटर, 1 लैपटॉप, 3 कूलर, 3 रेफ्रिजरेटर, कुर्सियां, लोहे की अलमारी, साउंड सिस्टम, स्टैंड फैन और यहां तक कि एक TATA मैजिक गाड़ी भी शामिल है। बरामद सामान को देखते हुए पुलिस टीम को बड़ी सफलता मानी जा रही है।

पूरी प्लानिंग के साथ करते थे पंचायत भवनों में चोरी
पकड़े गए अभियुक्तों ने पूछताछ में खुलासा किया कि वे दिन में पंचायत भवनों और सरकारी स्कूलों की रेकी करते थे, जहां रात में चौकीदारी नहीं रहती थी। फिर रात में मैजिक गाड़ी से पहुंचकर इन्वर्टर-बैटरी, कंप्यूटर सिस्टम, डीवीआर, कुर्सी आदि चोरी कर एक जगह इकट्ठा करते थे और बाद में बिहार या चलते फिरते ट्रक चालकों को बेच देते थे।

crime

गिरफ्तार अभियुक्तों ने यह भी स्वीकार किया कि वे पहले भी चोरी का काफी सामान बेच चुके हैं और इस गिरोह के कई सदस्य पहले भी चोरी व संगठित अपराध के मामलों में जेल जा चुके हैं।

गिरफ्तार चारों अभियुक्तों के नाम इस प्रकार हैं :
1. कौशिक बिंद निवासी सिरसी, थाना अलीनगर, चंदौली — इस पर मिर्जापुर और चंदौली के अलग-अलग थानों में 20 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
2. रणजीत बिंद, हसनपुर कम्हरिया, थाना बबुरी — कई मुकदमे दर्ज।
3. संजय कुमार बिंद, बिलारीडीह महेवा, थाना अलीनगर — कई आपराधिक मामले।
4. पवन बिंद, खेदन का पुरवा सुरहा, थाना अदलहाट, मिर्जापुर — इसके खिलाफ भी दर्जनों केस चल रहे हैं।

चोरी की वारदातें कई थानों से जुड़ी अब तक की जांच में सामने आया है कि ये शातिर चोर चंदौली के अलावा मिर्जापुर जिले में भी चोरी की वारदातों को अंजाम देते रहे हैं। इनके खिलाफ मुगलसराय, अलीनगर, सैयदराजा, सकलडीहा, कोतवाली चंदौली और मिर्जापुर के अदलहाट, जमालपुर और चुनार थानों में केस दर्ज हैं।

crime

पुलिस टीम को मिली बड़ी सफलता
इस बड़ी कार्रवाई को श्री पीयूष मोर्डिया, एडीजी वाराणसी जोन और डीआईजी श्री वैभव कृष्ण के निर्देशन में तथा एसपी आदित्य लांग्हे और एएसपी अनंत चंद्रशेखर के कुशल पर्यवेक्षण में अंजाम दिया गया। प्रभारी निरीक्षक गगन राज सिंह के नेतृत्व में पूरी पुलिस टीम ने अपनी सजगता और मेहनत से चोरी की वारदातों पर बड़ा अंकुश लगाया है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में गिरोह के कुछ और साथियों के नाम भी सामने आए हैं और जल्द ही उन पर भी शिकंजा कसा जाएगा।

Tags

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*