जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

मुगलसराय पुलिस की बड़ी कामयाबी: टोटो में बातों में उलझाकर मंगलसूत्र चुराने वाली 3 महिलाएं गिरफ्तार

मुगलसराय पुलिस ने टोटो में सवारी बनकर चढ़ने वाली बिहार की तीन शातिर महिलाओं को गिरफ्तार किया है। ये महिलाएं यात्रियों को बातों में उलझाकर उनके गहने उड़ा लेती थीं। पुलिस ने इनके पास से चोरी का मंगलसूत्र लॉकेट बरामद किया है।

 
 


टोटो में मंगलसूत्र चुराने वाली महिलाएं गिरफ्तार

मुगलसराय पुलिस की त्वरित कार्रवाई

बातों में उलझाकर गहने उड़ाने वाला गिरोह

बिहार की तीन शातिर महिलाएं धराईं

चोरी का मंगलसूत्र लॉकेट हुआ बरामद

वाराणसी के महमूरगंज निवासी अनुराधा सोनकर बीते 16 सितंबर को अपने भांजे के जन्मदिन में शामिल होने बस से चंदौली के अलीनगर स्थित बिछड़ी गांव आ रही थीं। परमार कटरा के पास कुछ सामान खरीदने के बाद वह आगे जाने के लिए एक टोटो (ई-रिक्शा) में सवार हुईं।
जब वह चकिया तिराहे पर अपने भाई की दुकान के पास उतरीं, तो उनके भाई ने ध्यान दिया कि उनके गले से मंगलसूत्र का लॉकेट गायब है। पीड़िता को अहसास हुआ कि टोटो में उनके साथ बैठी तीन अज्ञात महिलाओं ने बातों में उलझाकर बेहद चालाकी से उनके गले से लॉकेट पार कर दिया था।

पुलिस की तफ्तीश और सफलता
पीड़िता की सूचना पर मुगलसराय पुलिस ने 29 सितंबर को मामला दर्ज कर जांच शुरू की। थाना प्रभारी अर्जुन सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिरों का जाल बिछाया। उसी दिन रात में करीब 10:43 बजे पुलिस टीम को सफलता मिली। जीटीआर ब्रिज के पश्चिम पुलिस कॉलोनी रेलवे पटरी के पास मंदिर के निकट से घेराबंदी करके तीनों संदिग्ध महिलाओं को दबोच लिया गया।

पूछताछ में जुर्म कबूला, सामान बरामद
पुलिस की पूछताछ में तीनों महिलाओं ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। उन्होंने बताया कि करीब 10-12 दिन पहले उन्होंने ही टोटो में महिला को बातों में उलझाकर लॉकेट चुराया था। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से चोरी किया गया सोने के मंगलसूत्र का लॉकेट सफलता पूर्वक बरामद कर लिया है। इसके आधार पर पुलिस ने मामले में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई की है।

गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण
पुलिस की गिरफ्त में आई तीनों महिलाएं मूल रूप से बिहार की रहने वाली हैं:--

दुर्गा देवी (उम्र 20 वर्ष) - पत्नी प्रतीक, निवासी ग्राम दोहरा, थाना बिहिया, जिला आरा (बिहार)।

नैना देवी (उम्र 22 वर्ष) - पत्नी श्याम खरवार, निवासी अकोड़ी विदेशी टोला, थाना अकोड़ी, जिला रोहतास (बिहार)।

देवपरी (उम्र 45 वर्ष) - पत्नी अजय राम, निवासी ग्राम काली माई धरारा, थाना बिहिया, जिला आरा (बिहार)।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम
इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह, उप-निरीक्षक बृज मोहन सिंह, हेड कांस्टेबल रितेश सिंह, कांस्टेबल धनंजय राय, विनय वाजपेयी, अशोक कुमार यादव (चालक) के साथ महिला कांस्टेबल रिंशू सिंह और अंशिका शामिल रहीं।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*