मोबाइल चोरों के गिरोह का पर्दाफाश, ट्रकों में सो रहे ड्राइवरों को बनाते थे निशाना, चोरी के मोबाइल के साथ 2 चोर गिरफ्तार
मुगलसराय कोतवाली पुलिस ने चोरी की वारदातों का खुलासा करते हुए दो अंतरजनपदीय अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 8 एंड्रॉयड मोबाइल और सफेद धातु की चेन बरामद की है।
मुगलसराय पुलिस द्वारा चोरी की घटना का अनावरण
अंतरजनपदीय चोर गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार
चालकों के 8 एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद
नशे और ऐशो-आराम के लिए करते थे चोरी
आरोपी वारिस खान पर दर्ज हैं कई मुकदमे
चंदौली जिले की मुगलसराय कोतवाली पुलिस ने अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चोरी की घटनाओं का सफल अनावरण किया है। थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दो अंतरजनपदीय शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए अभियुक्तों के पास से कुल 8 एंड्रॉयड मोबाइल फोन और करीब 10 ग्राम वजन की एक सफेद धातु की चेन बरामद की गई है।
पटनवा तिराहे और जलेबी मोड़ के पास घेराबंदी
पुलिस टीम चेकिंग और वांछितों की तलाश में पटनवा तिराहे पर मौजूद थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दरियापुर गांव में हुई चोरी का वांछित अभियुक्त अपने साथी के साथ हमीदपुर कोनिया नट बस्ती (जलेबी मोड़) के पास मौजूद है और किसी नई चोरी की योजना बना रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और भाग रहे दोनों व्यक्तियों को आवश्यक बल प्रयोग कर दबोच लिया।
गोपालपुर के रहने वाले हैं दोनों आरोपी
पकड़े गए आरोपियों की पहचान वारिस खान (पुत्र शहनवाज खान उर्फ गुड्डू) और अन्सार खान (पुत्र अख्तर मिट्ठू खान) के रूप में हुई है। दोनों आरोपी गोपालपुर, थाना मुगलसराय, जनपद चंदौली के निवासी हैं। तलाशी लेने पर वारिस खान के पास से 4 एंड्रॉयड मोबाइल और अन्सार खान के पास से 4 एंड्रॉयड मोबाइल व एक सफेद धातु की चेन बरामद हुई।
दरियापुर चोरी कांड में भी शामिल था वारिस खान
पूछताछ में वारिस खान ने स्वीकार किया कि वह 18 जनवरी 2026 की रात दरियापुर (पंडितपुरवा) निवासी महेंद्र चौधरी के घर हुई चोरी में शामिल था। उस घटना में लगभग 30,000 रुपये नकदी और सोने-चांदी के गहने चोरी हुए थे। उस मामले में उसका साथी विशाल गुप्ता पहले ही चोरी के गहनों के साथ गिरफ्तार हो चुका था, जबकि वारिस फरार चल रहा था।
ट्रक चालकों और नशे में धुत लोगों को बनाते थे निशाना
बरामदगी के संबंध में पूछताछ करने पर दोनों आरोपियों ने बताया कि वे अपने नशे और ऐशो-आराम के शौक को पूरा करने के लिए चोरियां करते थे। उन्होंने 8 मोबाइल टेंगरा मोड़ बाईपास के पास खड़े ट्रकों में सो रहे ड्राइवरों की जेब से चुराए थे। वहीं, बरामद चेन उन्होंने रामनगर चौक पर देशी शराब की दुकान के सामने पड़े एक व्यक्ति के गले से उड़ाई थी।
आरोपियों का आपराधिक इतिहास
अभियुक्त वारिस खान के खिलाफ मुगलसराय और रामनगर (वाराणसी) थानों में चोरी से संबंधित 5 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, अन्सार खान के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस सफल कार्रवाई में थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह, औद्योगिक नगर चौकी प्रभारी सूरज रावत, हे0का0 सनोज सिंह, हे0का0 अभिषेक सिंह और का0 सुनील कुमार गुप्ता शामिल रहे।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








