जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

दिन में रेकी और रात में ताला तोड़कर चोरी करने वाले शातिर गैंग के 8 चोर अरेस्ट, चोरी के पैसों से खरीदी गयी वेन्यू कार भी जब्त

चंदौली पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम ने मुगलसराय क्षेत्र में चोरी करने वाले एक बड़े गिरोह के 8 शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 3.5 लाख कैश, गहने, लैपटॉप और चोरी के पैसों से खरीदी गई कार बरामद हुई है।

 
 

मुगलसराय पुलिस और स्वाट टीम की बड़ी कार्रवाई

अंतर्राज्यीय चोर गिरोह के 8 सदस्य गिरफ्तार

साढ़े तीन लाख नगदी और कार बरामद

दिन में रेकी कर रात में चोरी

चंदौली जिले की थाना मुगलसराय पुलिस, एसओजी (SOG) और सर्विलांस टीम को चोरी की बड़ी घटनाओं का खुलासा करने में सफलता मिली है। संयुक्त पुलिस टीम ने क्षेत्र में लगातार हो रही बंद मकानों में चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक शातिर अंतर्राज्यीय व अंतर्जनपदीय गिरोह के 8 अभियुक्तों को धर दबोचा है।

mughalsarai-police-arrests-interstate-thieves-gang-mugalsarai

3.5 लाख रुपये नगद और चोरी की रकम से खरीदी कार बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से 3.50 लाख रुपये नगद, सोने और चांदी के बहुमूल्य आभूषण, दो लैपटॉप (डेल), एक एलईडी टीवी (सोनी), और एक इंडेन गैस सिलेंडर बरामद किया है। इसके अलावा, चोरी की वारदातों में इस्तेमाल किया जाने वाला एक ऑटो रिक्शा (UP65JT0599) और चोरी के पैसों से ही खरीदी गई एक चमचमाती वेन्यू कार (UP67AB8628) भी जब्त की गई है।

mughalsarai-police-arrests-interstate-thieves-gang-mugalsarai

दिन में रेकी, रात में ताला तोड़कर साफ करते थे हाथ
पकड़े गए आरोपियों ने पुलिस पूछताछ में अपना गुनाह स्वीकार करते हुए बताया कि वे दिन के समय बंद पड़े मकानों और सूने घरों की रेकी करते थे। इसके बाद रात के अंधेरे में ताला तोड़कर अंदर दाखिल होते और कीमती सामान व नगदी चुरा लेते थे। बाद में सभी सामान आपस में बांट लेते थे। इस गिरोह ने मुगलसराय, चंदौली और बलुआ थाना क्षेत्रों में कई चोरियों को अंजाम दिया है।

mughalsarai-police-arrests-interstate-thieves-gang-mugalsarai

नाच घर के पास चोरी का माल बांटते समय घेराबंदी कर पकड़ा
पुलिस अधीक्षक चंदौली आकाश पटेल के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक व क्षेत्राधिकारी के मार्गदर्शन में स्वाट सेल प्रभारी राम जन्म यादव, थानाध्यक्ष मुगलसराय अर्जुन सिंह व सर्विलांस प्रभारी की टीमों ने यह कार्रवाई की। 16 सितंबर 2026 को मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस ने इंडियन इंस्टीट्यूट नाच घर के पास घेराबंदी की, जहां सफेद रंग की वेन्यू कार और ऑटो के पास बैठकर आरोपी चोरी के माल का बंटवारा कर रहे थे।

पकड़े गए आरोपियों में कई आदतन अपराधी शामिल
गिरफ्तार अभियुक्तों में प्रशांत सोनी उर्फ बाबू सेठ (30 वर्ष), विशाल भारती (31 वर्ष), रहमान उर्फ आंखी (24 वर्ष), राजेश सिंह (19 वर्ष), अनिल गुप्ता (19 वर्ष), दीपक जायसवाल उर्फ रवींद्र (35 वर्ष), तुषार वर्मा (23 वर्ष) और लकी जायसवाल (20 वर्ष) शामिल हैं। इनमें से कई अभियुक्तों के खिलाफ पहले से ही एक-एक दर्जनों से अधिक चोरी और अन्य संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं।

कई मुकदमों का हुआ खुलासा
इस गिरफ्तारी से मुगलसराय थाने में दर्ज कई चोरी के मामलों का खुलासा हुआ है, जिसमें सिद्धार्थपुरम कॉलोनी में बाबूलाल प्रसाद यादव के घर 5 लाख के गहने और 80 हजार कैश चोरी, आरपीएफ कॉलोनी में निरीक्षक संदीप कुमार के क्वार्टर से चोरी, रंजू कुमारी, रोहित कुमार व रेलवे कर्मचारी आशीष कुमार के घर हुई चोरियों का मामला शामिल है। पुलिस ने मामले में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोत्तरी कर सभी को जेल भेज दिया है।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*