रिंग रोड पर ट्रकों से रिफाइंड ऑयल और डीजल चोरी करने वाला शातिर अभियुक्त गिरफ्तार
चंदौली की मुगलसराय पुलिस ने रिंग रोड और हाईवे पर खड़ी गाड़ियों से तेल व कीमती सामान चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
हाईवे पर गाड़ियों से तेल चोरी का भंडाफोड़
मुगलसराय पुलिस ने शातिर चोर को दबोचा
छिमिया के पास हुई थी बड़ी चोरी
रिफाइंड ऑयल और डीजल की करते थे चोरी
चंदौली जिले में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत मुगलसराय कोतवाली पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने हाईवे और रिंग रोड के किनारे खड़ी गाड़ियों से डीजल, रिफाइंड तेल और अन्य कीमती सामान चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में वांछित चल रहे एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है।
वीरगंज से वाराणसी आ रहे ट्रकों को बनाया था निशाना
इस घटना की शुरुआत 9 फरवरी 2026 को हुई थी, जब राजस्थान के अलवर निवासी छित्तमल मीणा ने मुगलसराय थाने में तहरीर दी थी। छित्तमल 18 चक्का ट्रेलर का ड्राइवर है और नेपाल के वीरगंज से 1500 डिब्बा रिफाइंड ऑयल लादकर वाराणसी के पड़ाव आ रहा था। 8 फरवरी की रात करीब 1:00 बजे रास्ता भटक जाने के कारण वह मुगलसराय के छिमिया मौजा के पास गाड़ी खड़ी करके सो गया। इसी दौरान चोरों ने तिरपाल काटकर 47 डिब्बा रिफाइंड तेल और गाड़ी की टंकी से डीजल चोरी कर लिया था। इसके अलावा उसके साथ चल रहे दो अन्य ट्रकों से भी केवल डीजल चोरी किया गया था। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 59/2026 धारा 305(बी) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
गंजी प्रसाद तिराहे के पास से हुई गिरफ्तारी
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराधियों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई करते हुए मुगलसराय पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना पर 3 मई 2026 को सुबह करीब 8:30 बजे गंजी प्रसाद तिराहे के पास से वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए अभियुक्त की पहचान आदर्श मिश्रा उर्फ छोटू (उम्र करीब 26 वर्ष), निवासी डबरिया (पैगापर), थाना धानापुर, जनपद चंदौली के रूप में हुई है।
पूछताछ में हुआ चोरी के तरीकों का खुलासा
गिरफ्तार अभियुक्त ने पुलिस की कड़ी पूछताछ में बताया कि वह अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर रिंग रोड और हाईवे के किनारे खड़ी गाड़ियों को निशाना बनाता था। गाड़ियों की रेकी कर वे टंकी से डीजल और गाड़ियों में लदा सामान चोरी कर लेते थे। चोरी किए गए सामान को वे अपने साथी की दुकान पर बेच देते थे, जबकि डीजल को ट्रैक्टर चलाने वालों को या अपने खुद के वाहनों में उपयोग कर लेते थे।
इस गिरोह का भंडाफोड़ करने और अभियुक्त की गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में मुगलसराय थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह, उप निरीक्षक ओमप्रकाश प्रजापति और उप निरीक्षक रामकेर यादव शामिल रहे। पुलिस अब गिरोह के अन्य फरार सदस्यों और चोरी का माल खरीदने वालों की तलाश में जुटी हुई है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








