बिहार भेजने की फिराक में थे मांस तस्कर, कोतवाली पुलिस ने सतपोखरी में छापेमारी कर दबोचे तीन आरोपी
चंदौली के मुगलसराय में पुलिस ने सतपोखरी स्थित एक किराए के मकान पर छापेमारी कर 70 किलो प्रतिबंधित मांस बरामद किया है। मौके से तीन शातिर तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
किराए के मकान में छापेमारी
70 किलो प्रतिबंधित मांस बरामद
तीन मांस तस्कर हुए गिरफ्तार
बिहार भेजने की थी तैयारी
कोतवाली पुलिस की दूसरी कार्रवाई
चंदौली जिले के मुगलसराय कोतवाली थाना क्षेत्र से तस्करी के खिलाफ एक बड़ी कामयाबी सामने आई है। यहाँ के सतपोखरी इलाके में स्थित एक किराए के मकान में कोतवाली पुलिस ने रविवार को अचानक छापेमारी की। इस दौरान पुलिस टीम ने मौके से 70 किलो प्रतिबंधित मांस बरामद किया और साथ ही तीन तस्करों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
बिहार ले जाने की थी पूरी तैयारी
मुगलसराय के थाना प्रभारी (SHO) विजय प्रताप सिंह ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि रविवार की सुबह पुलिस को मुखबिर के जरिए एक पुख्ता सूचना मिली थी। सूचना में बताया गया था कि सतपोखरी गांव के एक किराए के मकान में प्रतिबंधित पशु का वध करके उसके मांस को बेचने के लिए भभुआ (बिहार) ले जाने की तैयारी चल रही है।
पुलिस ने घेराबंदी कर तस्करों को दबोचा
खबर मिलते ही थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम तुरंत एक्शन में आई और मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए चारों तरफ से घेराबंदी की और तीन आरोपियों को पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपियों में नसीर (55 वर्ष) पुत्र मो. सलीम और राजू कुरैशी (23 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय अब्दुल अजीज कुरैशी (दोनों निवासी सतपोखरी, मुगलसराय) और रहीम (45 वर्ष) पुत्र मोहम्मद अमीन (निवासी मलोखर) शामिल हैं।
कोतवाली पुलिस की यह दूसरी बड़ी कार्रवाई
मुगलसराय कोतवाली पुलिस द्वारा प्रतिबंधित मांस के अवैध कारोबार के खिलाफ की गई यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है। पुलिस ने बताया कि इन तीनों आरोपियों के खिलाफ आपराधिक साजिश रचने, पशुधन की चोरी करने, वध करने और प्रतिबंधित मांस का अवैध व्यापार करने के गंभीर आरोपों में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली गई है। पकड़े गए तीनों आरोपियों को पुलिस कोर्ट लेकर गई, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








