जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

चंदौली पुलिस ने चोरी के आभूषण, घड़ी और मोबाइल के साथ दो चोर को किया गिरफ्तार

गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से लगभग 100 ग्राम पीली व सफेद धातु के आभूषण बरामद हुए। इसमें मंगलसूत्र, चैन, अंगूठियां, कंगन शामिल हैं।
 

मुखबिर की सूचना पर मुगलसराय पुलिस की बड़ी कार्रवाई

पुलिस ने शिवाला के पास रिंग रोड से दबोचे आरोपी

गिरफ्तार आरोपियों के पास से 100 ग्राम आभूषण बरामद

कई चोरियों का किया खुलासा

चंदौली जिले में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जहां लोग देशभक्ति के जज्बे में डूबे थे, वहीं थाना मुगलसराय पुलिस ने अपराधियों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शातिर चोरों को चोरी के आभूषण, एक घड़ी और मोबाइल फोन के साथ गिरफ्तार कर लिया। यह सफलता पुलिस को मुखबिर की सूचना पर शिवाला के पास रिंग रोड से मिली।

आपको बता दें कि पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देश, अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनन्त चन्द्रशेखर व क्षेत्राधिकारी पीडीडीयू नगर कृष्ण मुरारी शर्मा के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

चोरी का माल बरामद

बताते चलें कि गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से लगभग 100 ग्राम पीली व सफेद धातु के आभूषण बरामद हुए। इसमें मंगलसूत्र, चैन, अंगूठियां, कंगन शामिल हैं। साथ ही एक घड़ी और मोबाइल फोन भी जब्त किया गया। पीली धातु का कुल वजन लगभग 93 ग्राम और सफेद धातु का वजन लगभग 7 ग्राम है। बरामद आभूषणों की पहचान मुकदमा अपराध संख्या 0320/2025, धारा 331(4), 305(A), 317(2), 112(2) बीएनएस में दर्ज पीड़ित ने की।

गिरफ्तार अभियुक्त

  •     धर्मेंद्र यादव पुत्र कमला यादव, निवासी ग्राम अमरा थाना धानापुर, उम्र 38 वर्ष। ( पूर्व में भी चोरी के मामलों में शामिल)
  •     ओम प्रकाश सेठ पुत्र माता प्रसाद सेठ, निवासी औसान गंज थाना जैतपुरा, वाराणसी, उम्र 34 वर्ष।

आपराधिक इतिहास

धर्मेंद्र यादव पर थाना मुगलसराय व थाना धानापुर में चोरी व अन्य धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। वहीं ओम प्रकाश सेठ पर भी मुगलसराय थाने में चोरी का मामला दर्ज है।

पूछताछ में खुलासे

अभियुक्तों ने पूछताछ में कबूल किया कि उनका तीसरा साथी उमेश यादव पहले ही गिरफ्तार हो चुका है। वे भागने की फिराक में थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।

  1.     ओम प्रकाश सेठ ने बताया कि बरामद गहने 20-21 जून 2025 को मडिया पड़ाव के पास हुई चोरी के हैं।
  2.     धर्मेंद्र यादव ने स्वीकार किया कि उसने और उमेश के साथ मिलकर पिछले दो वर्षों में 10 से अधिक चोरियां की हैं।
  3.     चुराए गए आभूषण ओम प्रकाश सेठ को बेचे जाते थे, जो आगे उन्हें बाजार में खपाता था।
  4.     कुछ गहने गौरव सेठ (सकलडीहा बाजार, तनिष्क आभूषण केंद्र) को भी बेचे गए।

इस गिरफ़्तारी करने वाले पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक गगन राज सिंह, उपनिरीक्षक अभिषेक शुक्ला (चौकी प्रभारी जलीलपुर), हेड कांस्टेबल अतुल सिंह, बिपिन गुप्ता और मनीष सिंह शामिल रहें।

थाना मुगलसराय पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार अभियुक्तों से जुड़े अन्य मामलों की भी जांच की जा रही है और जल्द ही इनके पूरे गिरोह का पर्दाफाश किया जाएगा

Tags

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*