बाइक समेत पकड़ा गया गांजा तस्करों का गिरोह, नौगढ़ में 32 किलो गांजे के साथ 2 तस्कर अरेस्ट
चंदौली की नौगढ़ पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई में दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार कर उनके पास से 32.100 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। इस गांजे की अनुमानित कीमत लगभग 8.5 लाख रुपये बताई जा रही है।
नौगढ़ पुलिस ने दो शातिर गांजा तस्करों को किया गिरफ्तार
तस्करों के पास से 32.100 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद
अंतरराष्ट्रीय बाजार में बरामद गांजे की कीमत 8.5 लाख रुपये
कौउवाघाट पुल के पास बिना नंबर की मोटरसाइकिल पकड़ी गई
बिहार से गांजा लाकर यूपी के तीन जिलों में होती थी सप्लाई
https://www.youtube.com/shorts/c6AXbSzPZ-Y
चंदौली जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत नौगढ़ थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ तब लगी, जब इलाके की पुलिस टीम ने कौउवाघाट पुल के पास से बिना नंबर प्लेट की एक मोटरसाइकिल से ले जाए जा रहे 32.100 किलोग्राम अवैध गांजे को बरामद किया। इसके साथ ही इस मामले में पुलिस ने दो शातिर अभियुक्तों को मौके से गिरफ्तार किया है। बरामद किए गए गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 8.5 लाख रुपये बतायी जा रही है।
कौउवाघाट पुल के पास घेराबंदी कर हुई गिरफ्तारी
पुलिस के उच्चाधिकारियों के कड़े निर्देश पर नौगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने कौउवाघाट पुल के पास घेराबंदी की। पुलिस को देखकर मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन सतर्क पुलिस टीम ने दोनों को दबोच लिया। तलाशी लेने पर उनके पास से भारी मात्रा में अवैध गांजा बरामद हुआ, जिसके बाद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 46/26 धारा 8/20/60 NDPS ACT के तहत मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
बिहार से लाकर उत्तर प्रदेश के जिलों में करते थे सप्लाई
पुलिस की पूछताछ में पकड़े गए अभियुक्तों ने बताया कि वे दोनों आपस में रिश्तेदार हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुलायम यादव (उम्र 30 वर्ष, निवासी भभुआ, बिहार) और बलवंत यादव उर्फ गुल्लू यादव (उम्र 32 वर्ष, निवासी चकरघट्टा, चंदौली) के रूप में हुई है। पूछताछ में मुख्य अभियुक्त मुलायम यादव ने स्वीकार किया कि वह बिहार से कम दाम पर गांजा खरीदता था। इसके बाद वह बलवंत यादव के साथ मिलकर चंदौली, मिर्जापुर और सोनभद्र के विभिन्न इलाकों में छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर ऊंचे दामों पर बेचता था।
इस सफल अभियान को अंजाम देने वाली टीम में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार यादव के साथ उपनिरीक्षक सुभाष कुमार गौतम, राजबहादुर प्रसाद, हेड कांस्टेबल विजेंद्र सिंह, परशुराम, कांस्टेबल हिनांशु सिंह और विपिन कुमार गौतम शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में अपराधियों और अवैध तस्करी में लिप्त लोगों के खिलाफ इस प्रकार की सख्त कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी। आरोपियों के अन्य आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








