जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

'ऑपरेशन क्लीन' के तहत भारी एक्शन: अलीनगर पुलिस ने नष्ट की 2.57 करोड़ की अवैध शराब

चंदौली के अलीनगर थाने में 'ऑपरेशन क्लीन' के तहत पुलिस ने एक बड़ा कदम उठाया है। न्यायालय के आदेश पर 192 मुकदमों से जुड़ी करीब 2.57 करोड़ रुपये मूल्य की 36,840 लीटर अवैध शराब को पूरी तरह नष्ट कर दिया गया।

 
 

अलीनगर पुलिस का 'ऑपरेशन क्लीन' अभियान

192 मुकदमों की अवैध शराब नष्ट

जेसीबी मशीन से गड्ढा खोदकर विनष्टीकरण

नष्ट शराब की कीमत 2.57 करोड़

कोर्ट के आदेश पर हुई कार्रवाई

उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक के निर्देशानुसार और चंदौली के पुलिस अधीक्षक  आकाश पटेल के नेतृत्व में जनपद में "ऑपरेशन क्लीन" अभियान तेजी से चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत थानों में सालों से जमा मुकदमाती मालों और अवैध शराब के विनष्टीकरण की कार्रवाई लगातार की जा रही है। इसी कड़ी में चंदौली के अलीनगर थाने में पुलिस ने एक साथ 192 मुकदमों से संबंधित अवैध अंग्रेजी और देशी शराब को पूरी तरह से नष्ट करा दिया है।

जेसीबी से गड्ढा खुदवाकर बहाई गई 36 हजार लीटर दारू
यह पूरी कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक  अनन्त चन्द्रशेखर और क्षेत्राधिकारी पीडीडीयूनगर अरुण कुमार सिंह के कुशल पर्यवेक्षण में संपन्न हुई। माननीय न्यायालय मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट  चंदौली के आदेश के बाद एक विशेष टीम का गठन किया गया था। इस टीम की मौजूदगी में 5 और 6 जून 2026 को अलीनगर थाना परिसर के अंदर ही जेसीबी मशीन की मदद से एक बड़ा गड्ढा खुदवाया गया। इसके बाद कुल 36,840 लीटर अवैध शराब की बोतलों और पाौचों को उसमें डालकर नष्ट कर दिया गया। पारदर्शिता बनाए रखने के लिए इस पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई।

नष्ट की गई अवैध शराब की कीमत 2.57 करोड़ रुपये
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अलीनगर पुलिस द्वारा अलग-अलग समय पर पकड़ी गई इस अवैध अंग्रेजी और देशी शराब की कुल अनुमानित कीमत लगभग 2,57,88,000 रुपये आंकी गई है। शराब तस्करों के खिलाफ दर्ज 192 मुकदमों के निस्तारण और मालखानों को साफ व सुरक्षित रखने के उद्देश्य से न्यायालय के अनुपालन में यह कदम उठाया गया है।

कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद रही प्रशासनिक टीम
शराब विनष्टीकरण की इस महत्वपूर्ण कार्रवाई को पूरा करने के लिए गठित टीम में कई प्रशासनिक अधिकारी शामिल रहे। इस दौरान मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट कार्यालय के लिपिक दीपू पटेल, पीडीडीयूनगर की आबकारी निरीक्षक संगीता जायसवाल, अलीनगर के प्रभारी निरीक्षक घनश्याम शुक्ल और अभियोजन अधिकारी मनोज कुमार पाण्डेय व विपिन कुमार मुख्य रूप से मौजूद रहे। पुलिस का कहना है कि अवैध नशे के कारोबार और अपराधियों के खिलाफ जिले में आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*