जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

Psycho Killer: पूर्व फौजी बना साइको किलर, 27 घंटे के भीतर ट्रेन और अस्पताल में की 3 हत्याएं

यूपी के चंदौली में एक रिटायर्ड फौजी साइको किलर बन गया। महज 26.5 घंटों में आरोपी ने दो ट्रेनों और एक अस्पताल के भीतर तीन लोगों की कनपटी पर गोली मारकर हत्या कर दी। कातिल के फौजी बैकग्राउंड ने सुरक्षा एजेंसियों को चौंका दिया है।

 

छह साल पहले आर्मी से रिटायर्ड

साढ़े छब्बीस घंटे में तीन हत्याएं

अस्पताल में घुसकर महिला का मर्डर

दो पिस्टल और अवैध हथियार बरामद

अमृतसर का निवासी गुरप्रीत सिंह गिरफ्तार

चंदौली जिले में एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ एक पूर्व सैनिक 'साइको किलर' बन गया और महज 26.5 घंटे के भीतर तीन बेगुनाह लोगों को मौत के घाट उतार दिया। आरोपी ने हत्या की वारदातों को चलती ट्रेन और अस्पताल जैसे सुरक्षित स्थानों पर अंजाम दिया। पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपी की पहचान अमृतसर निवासी गुरप्रीत सिंह उर्फ वीरेंद्र के रूप में हुई है।


कनपटी पर सटाकर मारी गोली
जांच में सामने आया है कि आरोपी गुरप्रीत सिंह 2020 में सेना से रिटायर्ड हुआ था और वर्तमान में बिहार के आरा में गार्ड की नौकरी कर रहा था। आरोपी का हत्या करने का तरीका बेहद खौफनाक था। उसने तीनों ही शिकारों की कनपटी पर पिस्टल सटाकर गोली मारी, ताकि उनके बचने की कोई गुंजाइश न रहे। पुलिस ने आरोपी के पास से दो पिस्टल बरामद की हैं, जिनमें से एक लाइसेंसधारी है और दूसरी अवैध।


वारदात का क्रम: कब और कहाँ की हत्याएं
आरोपी ने 20 से 25 किमी के दायरे में तीन वारदातों को अंजाम दिया है। इस बारे में सीओ अरुण कुमार सिंह ने विस्तार से बताया है।

पहली हत्या: रविवार सुबह 7 बजे डीडीयू-ताड़ीघाट पैसेंजर ट्रेन में एक युवक को निशाना बनाया।

दूसरी हत्या: रविवार रात 2 बजे मुगलसराय स्टेशन के पास जम्मू तवी एक्सप्रेस ट्रेन में एक व्यक्ति की जान ली।

तीसरी हत्या: सोमवार सुबह 8:30 बजे चंदौली के जीवक अस्पताल में भर्ती एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी।


अस्पताल में पर्चा बनवाकर घुसा अंदर
अलीनगर थाना प्रभारी घनश्याम शुक्ला के अनुसार, सोमवार सुबह गुरप्रीत सिंह जीवक अस्पताल पहुंचा। उसने वहाँ 'वीरेंद्र' नाम से बाकायदा डॉक्टर का पर्चा बनवाया। पर्चे पर दवाइयां लिखवाने के बाद वह सीढ़ियों से महिला वार्ड में गया और बेड पर लेटी महिला के सिर में गोली मार दी। अस्पताल में महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जिसके बाद भागते समय ग्रामीणों और कर्मियों ने उसे दबोच लिया।

जांच में जुटी आर्मी और केंद्रीय एजेंसियां
पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर के सीओ अरुण कुमार सिंह ने बताया कि गुरप्रीत ने तीनों हत्याओं की बात कबूल कर ली है। आरोपी के फौजी बैकग्राउंड और उसके 'साइको किलर' व्यवहार को देखते हुए अब आर्मी और अन्य केंद्रीय एजेंसियां भी उसके अतीत की जांच कर रही हैं। फिलहाल आरोपी अलीनगर पुलिस की कस्टडी में है और पूछताछ जारी है।

Tags

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*