लाखों के कैश के साथ बंगाल का आशीष दुआ अरेस्ट, अब इनकम टैक्स विभाग करेगा जांच
DDU जंक्शन पर RPF ने जब्त किए 35.60 लाख रुपये
आयकर विभाग को सौंप कर करवा रहा जांच
पश्चिम बंगाल के पश्चिम मेदिनीपुर का रहने वाला है आशीष दुआ
चंदौली जिले के पंडित दीनदयाल उपाध्याय (DDU) जंक्शन पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति से 35 लाख 60 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। यह रकम बिना किसी वैध दस्तावेज के ले जाई जा रही थी। अब आयकर विभाग इस मामले की जांच कर रहा है।
संदिग्ध व्यक्ति से बरामद हुई नगदी
यह कार्रवाई आरपीएफ पोस्ट डीडीयू के प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार रावत के नेतृत्व में हुई। शाम करीब 7:50 बजे, एक व्यक्ति पैदल पुल पर तेजी से जाते हुए दिखा, जिसके पास एक पिट्ठू बैग और दो झोले थे। शक होने पर टीम ने उसे रोका और पूछताछ की। उसने दावा किया कि बैग में सिर्फ रोजमर्रा का सामान है, लेकिन जांच करने पर बैग से भारी मात्रा में नगदी मिली।
व्यक्ति ने अपनी पहचान आशीष दुआ (39) के रूप में बताई, जो पश्चिम बंगाल के पश्चिम मेदिनीपुर का रहने वाला है। उसने बताया कि वह यह रकम वाराणसी से पश्चिम बंगाल ले जा रहा था, लेकिन वह इसका कोई दस्तावेज नहीं दिखा सका।

आयकर विभाग को सौंपी गई रकम
आरपीएफ ने तुरंत आशीष दुआ को हिरासत में लिया और आयकर विभाग, वाराणसी को इसकी सूचना दी। रात करीब 11:00 बजे आयकर अधिकारी राजेश कुमार और दीपक कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने आशीष दुआ से पूछताछ करने के बाद बरामद की गई पूरी राशि को जब्त कर लिया। इस मामले में आगे की जांच की जा रही है।
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक अमरजीत दास, सुनील कुमार, आरक्षी पवनेश कुमार सिंह, जीआरपी उप निरीक्षक संदीप कुमार शर्मा और आरक्षी श्रीभगवान सिंह शामिल थे।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








