जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

सैयदराजा पुलिस की घेराबंदी: बोलेरो पिकअप से 5 गोवंश बरामद, 2 शातिर गो-तस्कर गिरफ्तार

चंदौली की सैयदराजा पुलिस ने एनएच-02 हाईवे पर चेकिंग के दौरान बुलेरो पिकअप से 5 गोवंश बरामद करते हुए 2 तस्करों को गिरफ्तार किया। पकड़ा गया एक अभियुक्त पहले भी कई जिलों में गो-तस्करी के मामलों में वांछित रहा है।

 
 

एनएच-02 हाईवे पर सैयदराजा पुलिस की बड़ी कार्रवाई

बुलेरो पिकअप से 05 राशि गोवंश बरामद

अलीनगर निवासी दो शातिर गो तस्कर गिरफ्तार

सुजीत बिंद का रहा है पुराना आपराधिक इतिहास

गोवध और पशु क्रूरता अधिनियम में मुकदमा दर्ज

चंदौली जिले के सैयदराजा थाना पुलिस को गो-तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के दौरान थानाध्यक्ष सैयदराजा अशोक कुमार मिश्र और उपनिरीक्षक सुनील कुमार की टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर कार्रवाई की। पुलिस ने एनएच-02 हाईवे पर स्थित भगवानपुर पुल से 100 मीटर आगे घेराबंदी कर एक सफेद रंग की बुलेरो पिकअप (नंबर UP67BT 7366) को रोका।

5 गोवंश बरामद, गाड़ी का ड्राइवर और मालिक गिरफ्तार
पुलिस टीम ने जब पिकअप वाहन की तलाशी ली, तो उसमें क्रूरतापूर्वक लादकर गोवध हेतु ले जाए जा रहे 5 राशि गोवंश (गाय) बरामद हुए। मौके से पुलिस ने वाहन चालक और उसके साथी को तुरंत हिरासत में ले लिया। पुलिस ने बरामदगी व गिरफ्तारी के आधार पर थाना सैयदराजा में मु.अ.सं. 297/26 धारा 3/5A/5B/8 गोवध निवारण अधिनियम, 11 पशु क्रूरता निवारण अधिनियम और 109 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

पकड़े गए अभियुक्तों का विवरण
गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों में पहला वाहन चालक सुजीत कुमार बिंद (उम्र 20 वर्ष) पुत्र सोहन लाल बिंद है, जो ग्राम कठौरी, थाना अलीनगर, जिला चंदौली का निवासी है। वहीं दूसरा अभियुक्त वाहन स्वामी व परिचालक देवी शरण बिंद पुत्र पांचू बिंद है, जो ग्राम खरगीपुर, थाना अलीनगर, जिला चंदौली का रहने वाला है। यह कार्रवाई 08 अक्टूबर 2026 को सुबह 07:10 बजे अंजाम दी गई।

चालक सुजीत बिंद का रहा है आपराधिक इतिहास
पुलिस पड़ताल में सामने आया कि 20 वर्षीय चालक सुजीत कुमार बिंद एक शातिर गो-तस्कर है और उस पर पहले से भी कई जिलों में मुकदमे दर्ज हैं। उस पर मिर्जापुर जिले के थाना अदलहाट में मु.अ.सं. 217/2023 और वाराणसी कमिश्नरेट के थाना रामनगर में मु.अ.सं. 180/2024 के तहत गोवध एवं पशु क्रूरता अधिनियम के गंभीर मामले दर्ज हैं।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम
इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में थानाध्यक्ष सैयदराजा अशोक कुमार मिश्र, उपनिरीक्षक सुनील कुमार, कांस्टेबल शंकर प्रसाद, कांस्टेबल बृजेश चौहान, कांस्टेबल अभय कुमार, कांस्टेबल रतन कुमार और कांस्टेबल अमरेन्द्र कुमार शामिल रहे।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*