जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

चंदौली पुलिस का बड़ा एक्शन: सैयदराजा में दो गाड़ियों से 4 गोवंश बरामद, एमपी और बिहार के 3 शातिर तस्कर गिरफ्तार

चंदौली की सैयदराजा पुलिस ने एनएच-2 पर चेकिंग के दौरान दो अलग-अलग वाहनों से 4 गोवंश बरामद कर तीन शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपी गोवंशों को वध के लिए बिहार ले जा रहे थे, जिन्हें पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए पकड़ लिया।

 
 

सैयदराजा पुलिस द्वारा गौ-तस्करी गिरोह का पर्दाफाश

दो वाहनों सहित चार गोवंश पुलिस द्वारा बरामद

मध्य प्रदेश और बिहार के तस्कर गिरफ्तार

वध के लिए बिहार ले जाने की योजना विफल

पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में कार्रवाई

चंदौली जनपद में गौ-तस्करी और पशु क्रूरता के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत सैयदराजा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के कड़े निर्देशों के अनुपालन में पुलिस टीम ने नेशनल हाईवे-2 पर घेराबंदी कर दो वाहनों से 4 गोवंश बरामद किए हैं। इस मामले में मध्य प्रदेश और बिहार से जुड़े तीन शातिर तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया है।

मुखबिर की सूचना पर बिछाया गया जाल
प्रभारी निरीक्षक सैयदराजा विन्देश्वर प्रसाद पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम बरठी कमरौर मेडिकल कॉलेज और जिओ पेट्रोल पंप के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि तस्कर वाहनों में गोवंश लादकर बिहार की ओर जा रहे हैं। पुलिस ने तत्काल बैरियर लगाकर संदिग्ध वाहनों की तलाशी शुरू कर दी। चेकिंग के दौरान एक सफेद मैजिक गाड़ी (MP20GA8441) को रोका गया, जिसमें सवार चालक और परिचालक ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उन्हें धर दबोचा।

मध्य प्रदेश और बिहार के तस्करों का नेटवर्क
पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान राकेश और लोकेश ठाकुर (दोनों निवासी जबलपुर, मध्य प्रदेश) के रूप में हुई। उनकी गाड़ी से 2 गोवंश बरामद हुए। आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने एचपी पेट्रोल पंप के पास से एक और संदिग्ध वाहन (UP67AT 1952) को रोका। इस वाहन का चालक अखिलेश यादव (निवासी कैमूर, बिहार) भी पकड़ा गया, जिसकी गाड़ी से 2 और गोवंश बरामद हुए। पूछताछ में तस्करों ने स्वीकार किया कि वे अलग-अलग गांवों से गायों को इकट्ठा कर वध के लिए बिहार ले जा रहे थे।

अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास और कानूनी कार्रवाई
गिरफ्तार अभियुक्तों में से अखिलेश यादव का पुराना आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके विरुद्ध पूर्व में भी थाना सैयदराजा में गोवध निवारण अधिनियम और पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 4 गोवंशों के अलावा दो मोबाइल फोन और कुछ नकदी भी बरामद की है। थाना सैयदराजा में मु.अ.सं. 30/26 के तहत गोवध निवारण अधिनियम की धारा 3/5ए/5बी/8 के अंतर्गत मामला पंजीकृत कर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस टीम की सक्रियता की सराहना
इस सराहनीय कार्य को अंजाम देने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक विन्देश्वर प्रसाद पाण्डेय के साथ उपनिरीक्षक मारकण्डेय सिंह, हेड कांस्टेबल मो. नसीरुद्दीन हुमायूं, कांस्टेबल बृजेश चौहान, शंकर प्रसाद और विष्ण दत्त प्रजापति शामिल रहे। पुलिस की इस मुस्तैदी ने हाईवे पर पशु तस्करी करने वाले गिरोह को करारा जवाब दिया है।

Tags

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*