जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

लग्जरी काली स्कार्पियो से घूमते शातिर, रेलवे के GPS चुराने वाला गैंग धराया, बिहार के दो शातिर चंदौली में गिरफ्तार

चंदौली की सैयदराजा पुलिस ने रेलवे लाइन से जीपीएस (GPS) और अन्य उपकरण चुराने वाले दो शातिर चोरों को 48 घंटे में गिरफ्तार किया है। चोरी के लिए काली स्कार्पियो का इस्तेमाल करने वाले ये आरोपी बिहार के रहने वाले हैं। पूरी खबर पढ़ें।

 
 

रेलवे कर्मचारी के उपकरण हुए चोरी

काली स्कार्पियो से आए थे चोर

सैयदराजा पुलिस ने 48 घंटे में पकड़ा

बिहार के दो अभियुक्त हुए गिरफ्तार

चोरी का जीपीएस और रिंच बरामद

चंदौली जिले के सैयदराजा थाना क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर काम करने वाले एक कर्मचारी के उपकरण चोरी होने का सनसनीखेज मामला सामने आया था। हालांकि, सैयदराजा पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महज 48 घंटे के भीतर ही इस चोरी का पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने वारदात में शामिल दो शातिर चोरों को चोरी के सामान और घटना में इस्तेमाल की गई काली स्कार्पियो गाड़ी के साथ गिरफ्तार कर लिया है।

ड्यूटी के दौरान सामान रखकर गया था पानी पीने
घटना के संबंध में मिश्रपुरा (कल्याणपुर) के रहने वाले शम्भूनाथ यादव ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शम्भूनाथ रेलवे में कीमैन के पद पर नौबतपुर रेलवे लाइन में तैनात हैं। 14 जून 2026 की दोपहर करीब 2:30 बजे वे सेक्शन नंबर 98/ब्रिज के पास ड्यूटी कर रहे थे। उन्होंने अपने झोले में रेलवे का जरूरी जीपीएस (GPS), पटाका रिंच और हथौड़ा रखा था। काम के दौरान वे झोला पटरी के पास रखकर पानी पीने चले गए। इसी बीच एक काली स्कार्पियो (UP 63 AH 0001) वहां रुकी और उसमें सवार अज्ञात बदमाश झोले से सारा कीमती सामान निकालकर फरार हो गए।

मुखबिर की सूचना पर तेजोपुर से हुई गिरफ्तारी
पीड़ित की तहरीर पर सैयदराजा पुलिस ने तुरंत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी। कार्यवाहक थानाध्यक्ष धर्मदेव प्रसाद के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम को 48 घंटे के भीतर ही बड़ी सफलता मिली। पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर ग्राम तेजोपुर तड़िया स्थित शीतला माता मंदिर के पास घेराबंदी की और दोनों अभियुक्तों को दबोच लिया।

बिहार के रहने वाले हैं पकड़े गए शातिर चोर
पकड़े गए चोरों की पहचान विनोद कुमार (24 वर्ष) और आकाश कुमार (18 वर्ष) के रूप में हुई है। ये दोनों आरोपी ग्राम चन्दोश, थाना चाँद, जिला कैमूर (भभुआ), बिहार के निवासी हैं। पुलिस ने इनके पास से चोरी किया गया प्लास्टिक का जीपीएस (नंबर 101946), लोहे के दो रिंच, लकड़ी के बेंट वाला एक हथौड़ा और वारदात में इस्तेमाल की गई काली स्कार्पियो गाड़ी बरामद कर ली है।

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने मामले में धारा 317(2) की बढ़ोतरी करते हुए दोनों को जेल भेजने की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस सफलता को अंजाम देने वाली टीम में सब-इंस्पेक्टर गंगा धर मौर्या, राजेश कुमार और कांस्टेबल अंकित व मनीष शामिल रहे।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*