शादी वाले घर से गहने चोरी कराने वाला शातिर अरेस्ट, 5 हजार का लालच देकर बच्चे से कराई थी वारदात
चंदौली की सैयदराजा पुलिस ने शादी समारोह में हुई गहनों की चोरी का महज 24 घंटे में खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी का शत-प्रतिशत माल बरामद कर लिया है।
24 घंटे में चोरी का खुलासा
मुख्य आरोपी अभिजीत यादव गिरफ्तार
₹5,000 का लालच देकर चोरी
शत-प्रतिशत सोने-चांदी के गहने बरामद
चंदौली जिले की सैयदराजा थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महज 24 घंटे के अंदर चोरी की एक बड़ी घटना का भंडाफोड़ कर दिया है। पुलिस टीम ने इस मामले में मुख्य आरोपी को धर दबोचा है, जबकि घटना में शामिल दो बाल अपचारियों को अपनी अभिरक्षा (कस्टडी) में लिया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी किए गए सोने और चांदी के सारे आभूषण सकुशल बरामद कर लिए हैं।
यह पूरी घटना तब सामने आई जब सकलडीहा इलाके के इब्राहिमपुर गांव की रहने वाली पिंकी यादव ने पुलिस को तहरीर दी। पिंकी सैयदराजा के परेवा गांव में अपने मायके में एक शादी समारोह में आई हुई थीं। उन्होंने अपने बैग में कीमती गहने और कपड़े रखे थे, जो अचानक गायब हो गए। छानबीन में पता चला कि शादी में आए उनकी बहन के लड़के को बहला-फुसलाकर इस वारदात को अंजाम दिलाया गया था।
5 हजार रुपये का लालच देकर मासूम से कराई थी अपनों के ही घर में चोरी
तहरीर मिलते ही सैयदराजा थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम जांच में जुट गई। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर एनएच-19 हाईवे पर स्थित बरठी कमरौर अंडरपास के पास चेकिंग के दौरान मुख्य आरोपी अभिजीत यादव और दोनों बाल अपचारियों को दबोच लिया। तलाशी लेने पर उनके पास से चोरी की गई एक सोने की सिकड़ी, एक सोने का मांगटीका और तीन जोड़ी चांदी की बिछिया बरामद हुई।
पूछताछ के दौरान बाल अपचारी ने पुलिस के सामने जो राज खोला, वह बेहद चौंकाने वाला था। उसने बताया कि मुख्य आरोपी अभिजीत यादव और उसके दोस्त ने उसे 5,000 रुपये का लालच दिया था। इसी लालच में आकर उसने अपनी ही मौसी के बैग से सोने-चांदी के सारे गहने पार कर दिए और ले जाकर आरोपियों को सौंप दिए।
पुलिस ने बरठी कमरौर अंडरपास पर दबोचा
गिरफ्तार आरोपी अभिजीत यादव ने कुबूल किया कि उन्होंने बच्चे को मोहरा बनाकर चोरी कराई थी। चोरी के बाद गहनों को आपस में बांट लिया गया था। वे इन आभूषणों को किसी दूसरे जिले में ले जाकर बेचने की फिराक में थे, लेकिन इससे पहले कि वे अपने मंसूबों में कामयाब हो पाते, सैयदराजा पुलिस ने उन्हें धर दबोचा। पुलिस ने मामले में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस शानदार और त्वरित कामयाबी को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्रा के साथ उपनिरीक्षक गंगाधर मौर्या, उपनिरीक्षक राजेश कुमार, रिक्रूट आरक्षी गुलशन और रिक्रूट आरक्षी आशीष कुमार मुख्य रूप से शामिल रहे। स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की जमकर सराहना की है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








