सैयदराजा में पुलिस टीम पर पिकअप चढ़ाने की कोशिश, घेराबंदी कर 5 गोवंश संग शातिर गो-तस्कर गिरफ्तार
चंदौली के सैयदराजा में एनएच-2 पर चेकिंग के दौरान गो-तस्कर ने पुलिस टीम पर पिकअप चढ़ाने का प्रयास किया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और 5 गोवंश बरामद किए।
चेकिंग के दौरान पुलिस टीम पर हमले की कोशिश
सैयदराजा पुलिस की घेराबंदी में पकड़ाया गो-तस्कर
पिकअप से 5 गोवंश और चापड़ बरामद
मिर्जापुर से लादकर बिहार ले जाए जा रहे थे गोवंश
सैयदराजा थाने में संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज
चंदौली जिले की सैयदराजा कोतवाली पुलिस ने नेशनल हाईवे पर बरठी कमरौर के पास नुहू मेवात होटल के सामने संदिग्ध वाहनों की चेकिंग अभियान चलाया हुआ था। थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्रा और उप-निरीक्षक लालधर यादव की अगुवाई में पुलिस टीम चंदौली की तरफ से आने वाली गाड़ियों पर पैनी नजर रख रही थी।

पुलिस टीम पर पिकअप चढ़ाने का प्रयास
इसी दौरान चंदौली की ओर से आ रही एक बोलेरो पिकअप (नंबर UP 65 PT 6796) को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। पुलिस टीम को देखते ही चालक ने अपनी गाड़ी की रफ्तार बढ़ा दी और पुलिसकर्मियों पर गाड़ी चढ़ाकर उन्हें कुचलने की कोशिश की। पुलिसकर्मियों ने अपनी सूझबूझ से कूदकर खुद को बचाया, जिसमें रिक्रूट आरक्षी ऋषि मिश्रा और राबिन्स विश्वकर्मा को चोटें आईं। अनियंत्रित होकर पिकअप सड़क किनारे डिवाइडर से टकरा गई, जिसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर चालक को मौके पर ही दबोच लिया।
सोनभद्र का रहने वाला है गिरफ्तार आरोपी
पकड़े गए चालक की पहचान साजिद (23 वर्ष) पुत्र शाहबान, निवासी खुटहनिया, थाना करमा, जिला सोनभद्र के रूप में हुई है। पुलिस को गाड़ी की तलाशी के दौरान 5 गोवंश (3 गाय और 2 सांड) बरामद हुए। इसके अलावा ड्राइविंग सीट के बगल से गोवध में इस्तेमाल होने वाला लोहे का चापड़, एक टचस्क्रीन मोबाइल और 70 रुपये नगद मिले।
बिहार ले जाने के मिलने वाले थे 5 हजार रुपये
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह इन गोवंशों को मिर्जापुर के ग्राम बरकछा से लादकर बिहार के भभुआ (चैनपुर) निवासी नसीम शाह के पास कटाई के लिए ले जा रहा था। इसके बदले उसे 5,000 रुपये मिलने वाले थे। उसने यह भी बताया कि रास्ते की लोकेशन देने के लिए एक कार आगे-आगे एस्कॉर्ट कर रही थी।
सैयदराजा पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ उत्तर प्रदेश गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, बीएनएस की धारा 109 और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्रा, उप-निरीक्षक लालधर यादव, आरक्षी अनिल कुमार यादव, रिक्रूट आरक्षी ऋषि मिश्रा और रिक्रूट आरक्षी राबिन्स विश्वकर्मा शामिल रहे।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








