सफारी गाड़ी से बिहार ले जाए जा रहे जानवर, पुलिस ने मुठभेड़ के बाद 5 अंतरजनपदीय तस्करों को दबोचा
चंदौली की सैयदराजा और चंदौली थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए सफारी गाड़ी से बिहार वध के लिए ले जाए जा रहे 3 गोवंशों को छुड़ाकर 5 शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने सफारी गाड़ी से 3 गोवंश छुड़ाए।
वध के लिए बिहार ले जा रहे थे तस्कर।
घेराबंदी कर 5 शातिर अभियुक्त गिरफ्तार।
आरोपियों पर हत्या और गैंगस्टर के मुकदमे दर्ज।
जौनपुर के सिरकोनी से लादे गए थे मवेशी।
चंदौली जिले में गो-तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना सैयदराजा और थाना चंदौली की संयुक्त पुलिस टीम ने शुक्रवार, 20 नवंबर 2026 को घेराबंदी कर एक टाटा सफारी गाड़ी से वध के लिए बिहार ले जाए जा रहे 3 गोवंशों को मुक्त कराया है। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से 5 शातिर तस्करों को भी गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में से कुछ के खिलाफ हत्या, गैंगस्टर एक्ट और गोवध जैसे गंभीर मामले पहले से दर्ज हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस ने की घेराबंदी
थानाध्यक्ष सैयदराजा अशोक कुमार मिश्र अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त और चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान प्रभारी निरीक्षक थाना चंदौली त्रिवेणी सिंह ने उन्हें फोन पर सूचना दी कि ग्राम फेसुडा की तरफ से एक सफारी गाड़ी दुधारी होते हुए मनराजपुर मार्ग से जानवरों को लादकर बिहार की ओर जा रही है। सूचना मिलते ही सैयदराजा पुलिस ने मनराजपुर तिराहा पर नाकेबंदी कर वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी। कुछ ही देर में ग्राम दुधारी की तरफ से आती हुई सफेद रंग की टाटा सफारी स्ट्रोम (UP 42 AK 7000) दिखाई दी।
गड्ढे में फंसी गाड़ी तो पकड़े गए तस्कर
पुलिस टीम ने जब सफारी गाड़ी को रुकने का इशारा किया, तो चालक ने रफ्तार बढ़ाते हुए सड़क के दाहिने किनारे कच्ची जमीन से गाड़ी निकालने की कोशिश की। लेकिन कच्ची मिट्टी और गड्ढा होने की वजह से गाड़ी का पहिया वहीं फंस गया। खुद को घिरता देख गाड़ी में सवार चालक समेत पांचों आरोपी उतरकर अलग-अलग दिशाओं में भागने लगे। हालांकि, मौके पर मौजूद सैयदराजा पुलिस और पीछे से पीछा कर रही चंदौली पुलिस की टीम ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर सभी 5 आरोपियों को मौके पर ही दबोच लिया।
सफारी के अंदर क्रूरतापूर्वक बांधे गए थे मवेशी
पुलिस ने जब सफारी गाड़ी की तलाशी ली, तो अंदर का नजारा देखकर दंग रह गई। गाड़ी की सीटें हटाकर उसमें 2 गाय के बछड़े और 1 गाय की बछिया को बेहद क्रूरतापूर्वक रस्सियों से बांधकर ठूंसा गया था। पुलिस ने सफारी गाड़ी और गोवंशों के साथ-साथ आरोपियों के पास से दो एंड्रॉयड टच स्क्रीन मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे इन मवेशियों को जौनपुर जिले के ग्राम सिरकोनी से लादकर वध के लिए बिहार ले जा रहे थे। उनके पास मवेशियों को ले जाने से जुड़ा कोई भी वैध कागज या मेडिकल सर्टिफिकेट नहीं मिला।
पकड़े गए आरोपियों का लंबा आपराधिक इतिहास
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान वाराणसी के थाना चोलापुर अंतर्गत ग्राम ताला निवासी काजू उर्फ चंद्रजीत (24), प्रदीप यादव (25), राहुल यादव (22), ग्राम नियारडीह निवासी निर्भय यादव (21) और जौनपुर के थाना जलालपुर अंतर्गत ग्राम कोटवा निवासी राजू यादव (21) के रूप में हुई है। पुलिस रिकॉर्ड खंगालने पर पता चला कि राहुल यादव और काजू उर्फ चंद्रजीत बेहद शातिर अपराधी हैं। राहुल यादव पर जौनपुर, वाराणसी और चंदौली के विभिन्न थानों में हत्या (धारा 103), हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट, भ्रष्टाचार निवारण और गोवध अधिनियम के कुल 14 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, काजू उर्फ चंद्रजीत पर भी गैंगस्टर, आर्म्स एक्ट और गोवध समेत 5 मुकदमे पंजीकृत हैं।
मुकदमा दर्ज कर जेल भेजने की तैयारी
इस मामले में थाना सैयदराजा पर मुकदमा अपराध संख्या 0339/2026 के तहत धारा 3/5/5ए/8 गोवध निवारण अधिनियम और 11 पशु क्रूरता निवारण अधिनियम में केस दर्ज किया गया है। इस सफल ऑपरेशन को अंजाम देने वाली टीम में सैयदराजा थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्र, उपनिरीक्षक गोपाल जी तिवारी, हेड कांस्टेबल कमलेश कुमार राय, कांस्टेबल अभिषेक सिंह, अमरेन्द्र पटेल, रमाकान्त पटेल तथा चंदौली प्रभारी निरीक्षक त्रिवेणी सिंह, उपनिरीक्षक मारकण्डे सिंह, कांस्टेबल प्रियेश यादव और अभिषेक तिवारी शामिल रहे। पुलिस अब आरोपियों के अन्य नेटवर्क की तलाश कर रही है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







