उधार गुटखा न देने पर दुकानदार से की थी लूट, जानलेवा हमले के आरोपी बदमाश रणविजय को सैयदराजा पुलिस ने दबोचा
उधार गुटखा न देने पर हुआ था विवाद
मारपीट करके दुकानदार से 30 हजार रुपये की लूट
बवाल के दौरान फावड़े से सिर पर जानलेवा हमला
सकलडीहा रोड से मुख्य आरोपी को किया गया गिरफ्तार
पुलिस ने दर्ज किया गंभीर धाराओं में किया है मुकदमा दर्ज
चंदौली की सैयदराजा पुलिस ने रुपयों के लेन-देन को लेकर हुई मारपीट, लूट और जानलेवा हमले के मामले में वांछित चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उच्चाधिकारियों के निर्देशन और थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्र के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर 22 नवंबर 2026 को शाम करीब 4:30 बजे ग्राम मनराजपुर निवासी रणविजय उर्फ विजय को हिरासत में लिया। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
सकलडीहा रोड स्थित दुकान के पास से हुई गिरफ्तारी
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मनराजपुर गांव की घटना में शामिल आरोपी इलाके में ही मौजूद है। इस पर थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्र अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने डगरिया सरकार मंदिर के पास इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप, सकलडीहा रोड के समीप स्थित 'मां काली बिल्डिंग मैटेरियल' की दुकान से आरोपी रणविजय उर्फ विजय (पुत्र कन्हैया) को घेराबंदी कर पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को थाने लाकर पूछताछ की गई।
उधार गुटखा न देने पर शुरू हुआ था विवाद
इस मामले की शुरुआत 21 नवंबर 2026 की सुबह हुई थी। मनराजपुर निवासी पीड़ित दुकानदार हरिदास यादव ने थाने में तहरीर देकर बताया कि गांव में उनकी पान-गुटखा की दुकान है। सुबह करीब 7:30 बजे गांव का ही विशाल यादव दुकान पर उधार गुटखा मांगने आया। पुराना बकाया पैसा न चुकाने की वजह से जब दुकानदार ने उधार देने से मना किया, तो आरोपी विशाल गाली-गलौज करते हुए वहां से चला गया।
बाजार जाते समय घेराबंदी कर लूट और फावड़े से हमला
पीड़ित के मुताबिक, उसी दिन सुबह करीब 8:00 बजे जब वह अपनी दुकान से सामान खरीदने बाजार जा रहे थे, तभी घर के पास पहले से घात लगाए बैठे विजय, विशाल यादव और उनके पिता कन्हैया यादव ने रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए लात-घूंसों और लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा। आरोप है कि हमलावरों ने पीड़ित की साइकिल और बैग में रखे करीब 25 से 30 हजार रुपये नकद छीन लिए और जान से मारने की नीयत से फावड़े से सिर पर वार कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया।
गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज
दुकानदार की तहरीर पर सैयदराजा पुलिस ने त्वरित संज्ञान लेते हुए नामजद आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 352, 351(3), 109 और 309(6) के तहत मुकदमा अपराध संख्या 0343/2026 दर्ज किया था। मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्र के साथ उपनिरीक्षक धर्मदेव प्रसाद, उपनिरीक्षक गोपाल जी तिवारी, कांस्टेबल राबिन्स विश्वकर्मा और कांस्टेबल अंकित यादव शामिल रहे। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







