इसलिए रितेश यादव को पुलिस ने मारी गोली, पुलिस का सिपाही विष्णु प्रजापति भी घायल
शराब की दुकान पर मारपीट के दौरान हत्या
हत्याकांड के मुख्य आरोपी से पुलिस की मुठभेड़
आरोपी रितेश यादव के साथ व पुलिसकर्मी विष्णु घायल
चंदौली जनपद के सैयदराजा थाना क्षेत्र के काजीपुर गांव की शराब की दुकान पर युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सवारू उर्फ रितेश यादव निवासी काजीपुर को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। 23 नवंबर की रात बगही कुम्भापुर निवासी छोटू सिंह को लाठी-डंडों से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया गया था। घटना के बाद मौजूद चश्मदीदों ने इसे दुर्घटना बताने की कोशिश की, लेकिन जब घटनास्थल का सीसीटीवी फुटेज वायरल हुआ तो असलियत सामने आई। इसके बाद पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज करते हुए चार आरोपितों को जेल भेज दिया। वहीं मुख्य आरोपी पुलिस कस्टडी से बाहर था और लगातार फरार चल रहा था।
शुक्रवार की देर रात्रि में पुलिस को सूचना मिली कि सवारू यादव कल्याणपुर गांव के समीप रेलवे लाइन के किनारे छिपा है। पुलिस जब मौके पर पहुँची तो आरोपी ने खुद को घिरता देख फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में सवारू के पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। मुठभेड़ के दौरान पुलिसकर्मी विष्णु प्रजापति भी अपराधी की बाह में गोली लगाने से घायल हो गए।
घायल आरोपी को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बरहनी ले जाया गया, जहाँ उसकी हालत गंभीर होने पर उसे जिला हॉस्पिटल से ट्रॉमा सेंटर वाराणसी के लिए रेफर कर दिया गया। पुलिस ने आरोपी के पास से एक तमंचा, दो जिंदा कारतूस और एक खोखा बरामद किया, जो घटनास्थल पर उसकी सक्रियता की पुष्टि करते हैं।
छोटू सिंह की हत्या की घटना को दुर्घटना बताने की शुरुआती कोशिश ने मामले को और जटिल बना दिया था, लेकिन सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पुलिस की जांच तेज हो गई। मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी को पुलिस ने बड़ी सफलता बताया है।
इस संबंध में पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने बताया कि छोटू नामक युवक की शराब के ठेके पर पीट-पीटकर हत्या करने वाले अभियुक्त रितेश यादव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसके द्वारा पुलिस फोर्स पर फायर किया गया जिसमें एक सिपाही विष्णु प्रजापति घायल है और अभियुक्त के पैर में गोली लगने से हालत गंभीर होने पर उसे बीएचयू ट्रामा सेंटर भेज दिया गया है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







