चंदौली में ट्रैक्टर-हार्वेस्टर से बैटरी चुराने वाले गिरोह का पर्दाफाश: 3 बाल अपचारी हिरासत में, 2 कबाड़ी गिरफ्तार
चंदौली के सैयदराजा थाना क्षेत्र के फेसुड़ा गांव में ट्रैक्टर और हार्वेस्टर से बैटरियां चुराने वाले गिरोह पर पुलिस ने शिकंजा कसा है। पुलिस ने 3 नाबालिगों को हिरासत में लेकर चोरी का सामान खरीदने वाले 2 कबाड़ व्यापारियों को गिरफ्तार किया है।
सैयदराजा पुलिस ने सुलझाई बैटरी चोरी की गुत्थी
ग्राम फेसुड़ा से चोरी की 5 बैटरियां बरामद
चोरी का सामान खरीदने वाले 2 कबाड़ी गिरफ्तार
पुलिस अभिरक्षा में लिए गए 3 बाल अपचारी
बीएनएस (BNS) की धाराओं में केस दर्ज कर कोर्ट भेजा
चंदौली जिले के सैयदराजा थाना क्षेत्र में गाड़ियों से बैटरी चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए चोरी की 5 बैटरियों को बरामद किया है। इस मामले में पुलिस ने 3 बाल अपचारियों को अपनी अभिरक्षा में लिया है, वहीं चोरी का माल खरीदने वाले 2 कबाड़ व्यापारियों को भी गिरफ्तार कर जेल भेजने की तैयारी कर ली है।
गांव फेसुड़ा में ट्रैक्टर से पार हुई थी बैटरियां
पूरा मामला ग्राम फेसुड़ा का है। यहां के निवासी देवेंद्र कुमार मौर्य ने सैयदराजा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि उनके घर के बाहर खड़े ट्रैक्टर से अज्ञात चोरों ने 2 बैटरियां चुरा ली हैं। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने धारा 303(2) बीएनएस (BNS) के तहत केस दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी थी।
मुखबिर की सटीक सूचना पर मिली पुलिस को सफलता
थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्र के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने फेसुड़ा गांव से 3 नाबालिगों को हिरासत में लिया। जब पुलिस ने उनसे कड़ाई से पूछताछ की, तो उन्होंने ट्रैक्टरों और हार्वेस्टर से बैटरियां चुराने का जुर्म कबूल कर लिया।
सस्ते दामों के लालच में कबाड़ियों ने खरीदा चोरी का माल
नाबालिगों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की बैटरियां खरीदने वाले कबाड़ व्यापारी मिठाईलाल (48 वर्ष) और रब्बूल (46 वर्ष) को धर दबोचा। पूछताछ में कबाड़ियों ने स्वीकार किया कि अधिक मुनाफा कमाने और लालच के चक्कर में उन्होंने नाबालिगों से सस्ते दामों में चोरी का सामान खरीदा था। इनके पास से चोरी की कुल 5 बैटरियां बरामद की गई हैं।
पुलिस ने मामले में मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की है। गिरफ्तार अभियुक्तों और बाल अपचारियों को न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है। इस सफल कार्रवाई में थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्र, उपनिरीक्षक मार्कण्डेय सिंह, उपनिरीक्षक नंद किशोर सिंह, रिक्रूट आरक्षी अमरेन्द्र पटेल और आकाश कुमार पाण्डेय शामिल रहे।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








