सैयदराजा पुलिस ने दबोचा 50 हजार का इनामी शराब तस्कर, चंडीगढ़ से हुआ गिरफ्तार
चंदौली की सैयदराजा पुलिस ने 50 हजार रुपये के इनामी वांछित अभियुक्त कपिल देव वर्मा को चंडीगढ़ से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी वर्ष 2022 से 450 पेटी अवैध शराब बरामदगी मामले में फरार चल रहा था।
50 हजार का इनामी तस्कर गिरफ्तार
सैयदराजा पुलिस को मिली बड़ी सफलता
चंडीगढ़ स्थित घर के बाहर से पकड़ाया
450 पेटी शराब मामले में था फरार
आरोपी पर दर्ज हैं कई आपराधिक मुकदमे
चंदौली जिले की सैयदराजा थाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने 50,000 रुपये के इनामी वांछित अभियुक्त कपिल देव वर्मा उर्फ कपिल वर्मा करवल को चंडीगढ़ से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लंबे समय से पुलिस की पकड़ से दूर चल रहा था। माननीय न्यायालय के आदेशों और उच्च अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उसे चंडीगढ़ के थाना सेक्टर 36 क्षेत्र स्थित उसके घर के बाहर से दबोच लिया।
क्या था पूरा मामला?
पूछताछ के दौरान गिरफ्तार अभियुक्त कपिल देव वर्मा ने बताया कि वर्ष 2022 में सैयदराजा थाना क्षेत्र में उसकी गाड़ी (गाड़ी संख्या PB11AX9295) से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद हुई थी। उस समय सैयदराजा पुलिस, आबकारी विभाग और जीएसटी (GST) सचल दल की संयुक्त कार्रवाई में 450 पेटी (लगभग 4010 लीटर) अवैध अंग्रेजी शराब और फर्जी (कूटरचित) दस्तावेजों के साथ एक ट्रक पकड़ा गया था। इस मामले में पुलिसिया कार्रवाई और सजा से बचने के लिए आरोपी लगातार फरार चल रहा था।
आरोपी का आपराधिक इतिहास: कई थानों में दर्ज हैं मुकदमे
पकड़ा गया अभियुक्त कपिल देव वर्मा पुत्र गुरुबचनदास मूल रूप से कझेरी, सेक्टर 52, थाना सेक्टर 36, चंडीगढ़ का रहने वाला है। उस पर आबकारी अधिनियम और धोखाधड़ी की कई गंभीर धाराओं के तहत मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ चंदौली के थाना सैयदराजा में मुकदमा अपराध संख्या 192/2022 दर्ज है, जिसमें धारा 60/63/72 आबकारी अधिनियम और धारा 419, 420, 467, 468, 471 भा.द.वि. शामिल हैं। इसके अलावा लखनऊ पश्चिमी के थाना काकोरी में भी उसके खिलाफ मु.अ.सं. 91/25 के तहत आबकारी अधिनियम व धारा 318(4) बीएनएस में मामला दर्ज है।
चंडीगढ़ में स्थानीय पुलिस की मदद से हुई गिरफ्तारी
सैयदराजा पुलिस ने चंडीगढ़ की स्थानीय पुलिस के सहयोग से घेराबंदी कर आरोपी को उसके घर के बाहर से ही दबोच लिया। पुलिस अब आरोपी के खिलाफ विधिक और वैधानिक कार्रवाई पूरी कर आगे की कानूनी प्रक्रिया अपना रही है।
इस महत्वपूर्ण सफलता को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष सैयदराजा अशोक कुमार मिश्र, उप निरीक्षक रामकुमार दुबे और आरक्षी गोविंद मिश्रा शामिल रहे। पुलिस की इस तत्परता से लंबे समय से फरार चल रहे इनामी अपराधी का खेल खत्म हो गया है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








