जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

सकलडीहा पुलिस ने स्कूली छात्रा को भगाने वाले को दबोचा, शादी का झांसा देकर ले गया था बिहार

चंदौली की सकलडीहा पुलिस ने नाबालिग छात्रा को शादी का झांसा देकर भगाने वाले वांछित अभियुक्त अनुज कुमार को पटना (बिहार) से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना के 48 घंटे के भीतर किशोरी को सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंपा था।

 
 

सकलडीहा पुलिस ने वांछित अभियुक्त को किया गिरफ्तार

बिहार के पटना से पकड़ा गया शातिर अभियुक्त

48 घंटे के भीतर नाबालिग किशोरी बरामद

सर्विलांस टीम की मदद से हुई पहचान

अभियुक्त पर SC/ST एक्ट की धारा बढ़ाई गई

चंदौली जिले के थाना सकलडीहा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम विशुनपुर कला से बीते 12 अगस्त 2026 को एक नाबालिग लड़की को एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर भगा ले जाया गया था। पीड़ित पिता की तहरीर के आधार पर स्थानीय थाने में मु०अ०सं० 165/2026, धारा 137(2)/87 बीएनएस के तहत अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

48 घंटे में बरामदगी और सर्विलांस से आरोपी की पहचान
सकलडीहा पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के महज 48 घंटे के भीतर नाबालिग लड़की को पटना (बिहार) से सकुशल बरामद कर लिया था। विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद बालिका को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। इसके बाद पीड़िता के बयान और सर्विलांस टीम की तकनीकी मदद से आरोपी की पहचान अनुज कुमार पुत्र कृष्णनंदन शाह, निवासी ग्राम बसनियाव, थाना गोखुलपुर, जनपद नालंदा (बिहार) के रूप में हुई।

बिहार के पटना से पकड़ा गया वांछित अभियुक्त
पहचान उजागर होने के बाद से लगभग 21 वर्षीय अभियुक्त अनुज कुमार लगातार फरार चल रहा था। उच्चाधिकारियों के निर्देशन और थानाध्यक्ष सकलडीहा भूपेंद्र कुमार निषाद के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने 07 अक्टूबर 2026 को घेराबंदी कर वांछित अभियुक्त को चौक थाना क्षेत्र, पटना (बिहार) से गिरफ्तार कर लिया।

SC/ST एक्ट की धारा बढ़ाकर भेजा गया जेल
गिरफ्तारी के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई करते हुए मामले में धारा 3(5)v SC/ST एक्ट की बढ़ोतरी की गई है। आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अजय कुमार शर्मा, कांस्टेबल अभिषेक सिंह और कांस्टेबल देवेंद्र मौर्य शामिल रहे।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*