जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

सकलडीहा पुलिस ने दबोचा छेड़खानी करने वाला शोहदा, कई मामलों में रडार पर था रमेश

सकलडीहा पुलिस की एंटी रोमियो टीम ने रेलवे स्टेशन के बाहर महिलाओं और लड़कियों पर अश्लील टिप्पणियां करने वाले 23 वर्षीय शोहदे को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी पहले भी पोक्सो एक्ट जैसे गंभीर मामलों में नामजद रह चुका है।
 

सकलडीहा रेलवे स्टेशन से मनचला गिरफ्तार

महिलाओं पर गा रहा था अश्लील गाने

मिशन शक्ति 5 के तहत कार्रवाई

आरोपी पर पहले से दर्ज है पोक्सो

एंटी रोमियो टीम ने लिया एक्शन

चंदौली जिले में महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा के लिए 'मिशन शक्ति फेज-5' का दूसरा चरण जोर-शोर से चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत सकलडीहा थाना क्षेत्र की एंटी रोमियो पुलिस टीम को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने सकलडीहा रेलवे स्टेशन के बाहर आने-जाने वाली महिलाओं और लड़कियों पर अश्लील गाने गाने और फब्तियां कसने वाले एक मनचले को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।

ओनावल गांव का रहने वाला है आरोपी
गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान रमेश राम पुत्र सूबेदार राम के रूप में हुई है। वह थाना सकलडीहा क्षेत्र के ओनावल गांव का रहने वाला है। सकलडीहा थानाध्यक्ष भूपेंद्र कुमार निषाद के कुशल नेतृत्व में एंटी रोमियो टीम ने रेलवे स्टेशन परिसर के बाहर चेकिंग अभियान के दौरान यह कार्रवाई की।

पहले से दर्ज हैं पोक्सो जैसे गंभीर मामले
पकड़े गए आरोपी का पुराना आपराधिक इतिहास भी रहा है। वह पहले से ही छेड़खानी और पोक्सो एक्ट (POCSO Act) जैसे गंभीर मामलों में नामजद है। आरोपी के खिलाफ सकलडीहा थाने में मुकदमा अपराध संख्या 192/22 के तहत धारा 354, 354क (भादवि) और 7/8 पोक्सो एक्ट का मामला दर्ज है। ताज़ा मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 197/2026 धारा 296 (BNS) के तहत केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम
इस मनचले को सलाखों के पीछे पहुंचाने वाली पुलिस टीम में सकलडीहा थानाध्यक्ष भूपेंद्र कुमार निषाद, उप-निरीक्षक जगदीश यादव, महिला हेड कांस्टेबल रीमा यादव, कांस्टेबल प्रश्विन दुबे और कांस्टेबल हृदेश चक्रवर्ती शामिल रहे। पुलिस प्रशासन का कहना है कि महिलाओं की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले किसी भी असामाजिक तत्व को बख्शा नहीं जाएगा।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*