जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

स्कूल गई लड़की को लेकर भागा था किशन, MP के पिपरिया स्टेशन से अरेस्ट, लड़की सकुशल बरामद

चंदौली की सकलडीहा पुलिस ने स्कूल गई नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर भगाने वाले आरोपी को मध्य प्रदेश से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने नाबालिग को सकुशल बरामद करते हुए आरोपी को जेल भेज दिया है।

 
 

सकलडीहा पुलिस की त्वरित कार्रवाई

मध्य प्रदेश के पिपरिया स्टेशन से गिरफ्तारी

नाबालिग छात्रा को सकुशल कराया बरामद

शादी का झांसा देकर भागा था आरोपी

चंदौली पुलिस ने की विधिक कार्रवाई

चंदौली जिले के सकलडीहा थाना क्षेत्र से एक नाबालिग लड़की 5 अगस्त 2026 को रोजाना की तरह अपने स्कूल पढ़ने के लिए गई हुई थी। लेकिन छुट्टी के बाद भी वह देर शाम तक अपने घर वापस नहीं लौटी। परिजनों की काफी खोजबीन के बाद पता चला कि निदिलपुर गांव (थाना धानापुर) का रहने वाला किशन यादव (20 वर्ष) पुत्र हनुमान यादव उसे बहला-फुसलाकर और शादी का झांसा देकर अपने साथ भगा ले गया है।

परिजनों की तहरीर पर दर्ज हुआ मुकदमा

घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने तुरंत सकलडीहा थाने पहुंचकर पुलिस को पूरी बात बताई। पीड़ित परिवार से मिली तहरीर के आधार पर सकलडीहा पुलिस ने बिना किसी देरी के मामला दर्ज कर लिया। पुलिस ने आरोपी किशन यादव के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 87 और 137(2) के तहत मुकदमा संख्या 160/2026 पंजीकृत करते हुए मामले की छानबीन और किशोरी की तलाश शुरू कर दी।

मध्य प्रदेश के पिपरिया स्टेशन से हुआ गिरफ्तार

जिले के उच्च अधिकारियों के कड़े निर्देशन में थानाध्यक्ष सकलडीहा भूपेंद्र कुमार निषाद के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने सर्विलांस और मुखबिर की मदद से आरोपी की लोकेशन ट्रेस की। 6 अगस्त 2026 को पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मध्य प्रदेश के पिपरिया रेलवे स्टेशन से आरोपी किशन यादव को धर दबोचा और उसके कब्जे से नाबालिग लड़की को पूरी तरह सकुशल बरामद कर लिया।

पुलिस टीम की मुस्तैदी से मिली सफलता

सकलडीहा पुलिस की इस त्वरित और सटीक कार्रवाई की हर तरफ सराहना हो रही है। आरोपी को गिरफ्तार कर कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है, वहीं पीड़िता को परिजनों को सौंपने व चिकित्सीय परीक्षण की अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस सफल ऑपरेशन में उपनिरीक्षक अभिमन्यु राय, हेड कांस्टेबल आनंद कुमार यादव और महिला कांस्टेबल वंदना सिंह की मुख्य और सराहनीय भूमिका रही।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*