सकलडीहा पुलिस का डबल एक्शन: 13 साल पुराने मामले में वारंटी गिरफ्तार, 45 पाउच देशी शराब के साथ तस्कर दबोचा
सकलडीहा पुलिस ने अलग-अलग मामलों में दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने 13 साल पुराने SC/ST मामले के वारंटी सरफराज अली और 9 लीटर अवैध देशी शराब के साथ प्रदुम्न सोनकर को दबोचकर जेल भेज दिया।
सकलडीहा पुलिस ने दो अलग मामलों में की बड़ी कार्रवाई
13 साल पुराने मामले का एनबीडब्ल्यू वारंटी गिरफ्तार
इटवा गांव में शराब की दुकान के पास से दबोचा गया तस्कर
आरोपी के पास से 45 पाउच अवैध देशी शराब बरामद
चंदौली जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सकलडीहा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने अलग-अलग मामलों में तत्परता दिखाते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। इनमें से एक अभियुक्त लंबे समय से कोर्ट से गैर-जमानती वारंट (NBW) जारी होने के बाद से फरार चल रहा था, जबकि दूसरा अवैध शराब बेचने का कारोबार कर रहा था।

13 साल पुराने मामले में फरार वारंटी के घर पर दबिश
विशेष न्यायाधीश SC/ST कोर्ट चंदौली द्वारा जारी एनबीडब्ल्यू (NBW) के अनुपालन में सकलडीहा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। थानाध्यक्ष भूपेंद्र कुमार निषाद के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 18 अगस्त 2026 को दबिश देकर वारंटी सरफराज अली (35 वर्ष), पुत्र असरफ अली, निवासी ग्राम सकलडीहा को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।
2013 के मुकदमे में कोर्ट से जारी हुआ था वारंट
पुलिस के अनुसार, अभियुक्त सरफराज अली के खिलाफ वर्ष 2013 में थाना सकलडीहा पर मुकदमा अपराध संख्या 23/2013 के तहत धारा 323, 325, 504 भादवि और 3(1)X SC/ST एक्ट में केस दर्ज हुआ था। कोर्ट में मामला (मु.न. 14/2022) लंबित होने और पेशी पर न आने के कारण न्यायालय से वारंट जारी किया गया था। इस गिरफ्तारी में थानाध्यक्ष के साथ हेड कांस्टेबल सुजीत सिंह और कांस्टेबल प्रश्विन कुमार दुबे शामिल रहे।
गश्त के दौरान 9 लीटर अवैध देशी शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार
दूसरी तरफ, क्षेत्र में शांति व्यवस्था और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए गश्त कर रही पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली। इस पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने ग्राम इटवा में लाइसेंसी देशी शराब की दुकान के पास से सुबह करीब 8:30 बजे एक संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली।
झोले से निकले 45 पाउच देशी शराब, केस दर्ज
पुलिस को तलाशी के दौरान युवक के झोले से 45 पाउच ‘ब्लू लाइम’ अवैध देशी शराब (प्रत्येक 200 मिली, कुल 9 लीटर) बरामद हुई। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान प्रदुम्न सोनकर (26 वर्ष), पुत्र स्व. रविशंकर सोनकर, निवासी ग्राम इटवा के रूप में हुई। पुलिस ने उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। इस कार्रवाई में उप-निरीक्षक गोपाल तिवारी और हेड कांस्टेबल राजेंद्र प्रसाद यादव शामिल रहे।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








