25 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार, चोरी की 3 बाइक और असलहा बरामद
बाइक चोर को अलीनगर पुलिस ने दबोचा
शिव कुमार महादेवपुर रिंग रोड पर से किया अरेस्ट
बिहार भागने की फिराक में है था शातिर बाइक चोर
चंदौली जिले में एक और इनामी बदमाश को पकड़ा गया है। अलीनगर पुलिस ने पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत पकड़ा है। अलीनगर पुलिस को तब एक बड़ी सफलता मिली जब पुलिस ने 25,000 रुपये के इनामी बदमाश शिव कुमार उर्फ शिवा उर्फ छल्ला यादव को गिरफ्तार किया। उसके पास से एक देसी तमंचा, जिंदा कारतूस और चोरी की 3 मोटरसाइकिलें बरामद हुई हैं।

मुखबिर की सूचना पर हुई गिरफ्तारी
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि शिव कुमार महादेवपुर रिंग रोड पर है और बिहार भागने की फिराक में है। इस सूचना पर प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में उप-निरीक्षक अमित कुमार सिंह और अनिल कुमार यादव ने टीम के साथ घेराबंदी की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के समय, शिव कुमार के पास से एक एचएफ डीलक्स बाइक, एक देसी तमंचा और एक कारतूस बरामद हुआ। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की दो और मोटरसाइकिलें (एक टीवीएस अपाचे और एक टीवीएस लूना) बरामद कीं।
चोरी और गो-तस्करी में शामिल था आरोपी
पुलिस पूछताछ में शिव कुमार ने बताया कि वह अपने साथी सतेंद्र यादव के साथ मिलकर अलग-अलग जगहों से गाड़ियां चुराता था। इन चोरी की गाड़ियों का इस्तेमाल वे गो-तस्करी के वाहनों को लोकेशन देने के लिए करते थे। उसने यह भी बताया कि पकड़े जाने से बचने के लिए उसने एक बार धीना थाने में पुलिस की गाड़ी को जान से मारने के इरादे से टक्कर भी मारी थी।
शिव कुमार उर्फ शिवा का एक लंबा आपराधिक इतिहास है, जिसमें गो-तस्करी, गैंगस्टर एक्ट और चोरी के कई मामले दर्ज हैं। अलीनगर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस गिरफ्तारी से क्षेत्र में चोरी और गो-तस्करी के मामलों पर लगाम लगने की उम्मीद है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







