गांजे की पुड़िया बनाकर बेचने वाले तस्कर गिरफ्तार, अलीनगर पुलिस ने भेजा जेल
चंदौली में गांजा तस्करों पर नकेल
45,000 रुपये का गांजा जब्त
2 तस्कर भी हो गए गिरफ्तार
चंदौली पुलिस ने गांजे की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। अलीनगर पुलिस टीम ने दो गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से 1.8 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत लगभग 45,000 रुपये बताई जा रही है।

पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देश पर अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए यह कार्रवाई की गई। 30 अगस्त 2025 को प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में अलीनगर पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मानस नगर पोखरे के पास दो व्यक्ति गांजे की पुड़िया बनाकर बेच रहे हैं।
घेराबंदी कर तस्करों को दबोचा
सूचना के आधार पर, चौकी प्रभारी अनंत कुमार भार्गव और अनिल कुमार यादव अपनी टीमों के साथ मानस नगर पहुँचे। उन्होंने इंडेन गैस गोडाउन के पास दो संदिग्ध व्यक्तियों को देखा, जिनके पास एक बोरी और एक काली पन्नी थी। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को हिरासत में ले लिया।
हिरासत में लिए गए अभियुक्तों की पहचान नसरुद्दीन (42) और आशीष शर्मा (21) के रूप में हुई। नसरुद्दीन मिर्जापुर का निवासी है, जबकि आशीष शर्मा चंदौली के ताराजीवनपुर का रहने वाला है।
बिहार से लाकर बेचते थे गांजा
मौके पर पहुंचे क्षेत्राधिकारी कृष्ण मुरारी शर्मा के सामने तलाशी ली गई। अभियुक्त आशीष शर्मा की पन्नी से 123 पुड़िया और नसरुद्दीन की बोरी से 228 प्लास्टिक की पुड़िया बरामद हुईं। दोनों के पास से कुल 1.8 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया। पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे बिहार से गांजा लाकर यहाँ पुड़िया बनाकर बेचते थे।
दोनों अभियुक्तों के खिलाफ थाना अलीनगर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा संख्या 403/2025 दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक अनंत कुमार भार्गव, अनिल कुमार यादव, हेड कांस्टेबल सुनील कुमार यादव और कांस्टेबल प्रवेश सिंह शामिल थे।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







