चंदौली में थे ADG-DIG..और अलीनगर में हो गई मारपीट व छिनैती की वारदात
वारदात के बाद पीड़ित सुरेंद्र यादव ने तत्काल 112 नंबर पर सूचना दी। घायल अवस्था में उन्हें मुगलसराय कोतवाली अंतर्गत भोगवार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
चंदौली में कानून व्यवस्था पर सवाल
एडीजी-डीआईजी कर रहे थे घटनास्थल का दौरा
अलीनगर में हो गई हजारों की छिनैती की वारदात
विदाई के सामान खरीदने जा रहे चाचा को बनाया शिकार
एक तरफ जहां चंदौली जिले में दवा कारोबारी रोहिताश पाल हत्याकांड के बाद अपराधियों की धरपकड़ के लिए एडीजी पीयूष मोर्डिया और डीआईजी वैभव कृष्ण स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण कर रहे थे, ठीक उसी समय अपराधियों के बुलंद हौसले की बानगी दिखाते हुए अलीनगर थाना क्षेत्र में छिनैती की एक नई वारदात हो गई। इस घटना ने जिले की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
विदाई के सामान खरीदने जा रहे चाचा को बनाया शिकार
घटना अलीनगर थाना क्षेत्र के कुरहना के पास भुपौली मार्ग पर हुई। कैली गांव निवासी सुरेंद्र यादव अपनी भतीजी की विदाई के सामान खरीदने के लिए पीडीडीयू नगर जा रहे थे। रास्ते में घात लगाए बैठे बदमाशों ने उन्हें निशाना बनाया। अपराधियों ने सुरेंद्र यादव से 70 हजार रुपए नगद और उनकी सोने की चेन छीन ली और मौके से फरार हो गए।
वारदात के बाद पीड़ित सुरेंद्र यादव ने तत्काल 112 नंबर पर सूचना दी। घायल अवस्था में उन्हें मुगलसराय कोतवाली अंतर्गत भोगवार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
स्थानीय लोगों में आक्रोश, बोले- पुलिस का भय नहीं
एक ही दिन में जिले के दो अलग-अलग हिस्सों में बड़ी वारदात होने से स्थानीय लोगों में पुलिस प्रशासन के प्रति गहरा आक्रोश है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अपराधियों में अब पुलिस का तनिक भी भय नहीं रहा है और वे दिन दहाड़े वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। उनका यह आक्रोश इसलिए भी ज्यादा है क्योंकि जिले के सबसे बड़े पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद थे और उसी दौरान छिनैती हो गई।
पुलिस ने छिनैती मानने से किया इनकार
हालांकि, इस मामले में अलीनगर पुलिस का बयान चौंकाने वाला है। अलीनगर थाना प्रभारी अनिल पांडे ने इस घटना को छिनैती मानने से साफ इनकार कर दिया है। थाना प्रभारी का कहना है कि शुरुआती जांच में यह छिनैती का मामला नहीं लग रहा है, बल्कि यह दो व्यक्तियों के बीच शराब पीने के बाद हुआ विवाद है।
थाना प्रभारी ने कहा कि पुलिस तथ्यों की जांच कर रही है और इस विवाद के आधार पर जो भी साक्ष्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के इस बयान से स्थानीय लोगों और पीड़ित परिवार में नाराजगी है। अब देखना यह होगा कि उच्चाधिकारियों की मौजूदगी के दौरान हुई इस वारदात की सच्चाई क्या सामने आती है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*






