चंदौली जिले में पुलिस को मिली बड़ी सफलता, 25 हजार का इनामिया पशु-तस्कर गिरफ्तार
चंदौली की स्वाट, सर्विलांस और सैयदराजा पुलिस की संयुक्त टीम ने गौतस्करी के मुकदमे में वांछित 25 हजार रुपये के इनामिया अभियुक्त मनीष सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को वाराणसी स्थित उसके किराए के मकान से दबोचा गया।
25 हजार रुपये का इनामिया गौतस्कर गिरफ्तार
स्वाट, सर्विलांस और सैयदराजा पुलिस को मिली सफलता
वाराणसी के लालपुर क्षेत्र से हुई गिरफ्तारी
जून में पिकअप छोड़कर मौके से भागा था आरोपी
गोवंश क्रूरता और गोवध अधिनियम में कार्रवाई
चंदौली जिले की स्वाट, सर्विलांस और सैयदराजा थाना पुलिस की संयुक्त टीम को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने गौतस्करी के एक पुराने मामले में लंबे समय से फरार चल रहे 25,000 रुपये के इनामिया अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को वाराणसी के लालपुर थाना क्षेत्र से दबोचा।
जून महीने में पिकअप छोड़कर भाग निकला था आरोपी
मामले की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि बीते 5 जून 2026 को पुलिस टीम सैयदराजा के एनएच-02 हाईवे पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान चंदौली की तरफ से आ रही एक संदिग्ध बोलेरो पिकअप (UP 67 AT 7587) को रोकने का इशारा किया गया। चालकों ने गाड़ी हाईवे से खेतों की तरफ मोड़ दी और वाहन छोड़कर फरार हो गए थे।
वाहन से बरामद हुए थे 8 गोवंश
पुलिस ने जब पिकअप की तलाशी ली थी, तो उसके डाले में बेहद क्रूरतापूर्वक बांधे गए कुल 8 गोवंश (6 जीवित और 2 मृत) बरामद हुए थे। इस मामले में वाहन स्वामी रामजीत सिंह और अज्ञात चालक के खिलाफ सैयदराजा थाने में गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता अधिनियम और अन्य संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
वाराणसी के किराए के मकान से हुई गिरफ्तारी
उच्चाधिकारियों के निर्देश पर स्वाट टीम प्रभारी राम जन्म यादव, थानाध्यक्ष सैयदराजा अशोक कुमार मिश्र और सर्विलांस प्रभारी आशीष मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम आरोपी की तलाश में जुटी थी। 25 सितंबर को सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने वांछित अभियुक्त मनीष सिंह (उम्र 39 वर्ष) को बेलवा बाबा लमही (थाना लालपुर, वाराणसी) स्थित उसके किराए के घर से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने कबूला जुर्म
पूछताछ में आरोपी मनीष सिंह ने बताया कि वह वाहन के पंजीकृत स्वामी रामजीत सिंह का पुत्र है। 5 जून को पुलिस चेकिंग को देखकर वही गोवंशों से लदे वाहन को छोड़कर मौके से भागा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उसे जेल भेज दिया है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







