जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

एक ही रात तीन घरों में लाखों की चोरी, मुगलसराय पुलिस पर उठे सवाल ​​​​​​​

सीओ कृष्ण मुरारी शर्मा ने बताया कि घटना की जांच प्राथमिकता पर की जा रही है। फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही चोरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
 

रौना गांव में चोरों का तांडव

एक ही रात में तीन घरों में धावा

तीनों घरों से नकदी

गहने और कीमती सामान ले उड़े चोर

घटना के बाद गांव में फैली दहशत

ग्रामीणों में भारी आक्रोश

पुलिस ने जल्द खुलासे का दिया भरोसा

चंदौली जिले के मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के रौना गांव में गुरुवार देर रात अज्ञात चोरों ने एक के बाद एक तीन घरों में धावा बोलकर लाखों रुपये की नकदी, जेवरात और कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना ने पूरे गांव में सनसनी फैला दी है, वहीं पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था और गश्त व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। ग्रामीणों में पुलिस प्रशासन को लेकर भारी आक्रोश व्याप्त है।

रामकवल तिवारी के घर से हुई शुरुआत
गांव के निवासी रामकवल तिवारी के दो मंजिला मकान में चोर छत के रास्ते दाखिल हुए। उस समय परिवार के सभी सदस्य नीचे के कमरे में सो रहे थे। चोरों ने ऊपरी मंजिल के कमरों में रखी अलमारी और बक्सों को तोड़कर वहां रखे सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और अन्य कीमती सामान चुरा लिया। सुबह जब घर की महिला निशा तिवारी ऊपर पहुंचीं, तो कमरों का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। अलमारी टूटी थी और सारा सामान बिखरा पड़ा था।

दो और घरों को भी बनाया निशाना
उसी रात विजय तिवारी और प्रभाकर के घरों में भी चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया। तीनों घरों से चोरों ने लाखों रुपये मूल्य के गहने, नकदी और अन्य घरेलू सामान चोरी कर लिया। चोर पूरी तैयारी के साथ आए थे और तीनों परिवारों के घरों को एक के बाद एक सुनियोजित तरीके से निशाना बनाया।

पुलिस-प्रशासन हरकत में, जांच में जुटी टीमें
घटना की सूचना पर क्षेत्राधिकारी (सीओ) कृष्ण मुरारी शर्मा, कोतवाल गगन राज सिंह सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वाड और फॉरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और ग्रामीणों को जल्द कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

ग्रामीणों में भारी आक्रोश
चोरी की लगातार हो रही घटनाओं को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। उनका कहना है कि पुलिस की लापरवाही और रात्रि गश्त की कमी के चलते चोरों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं। लोगों का यह भी आरोप है कि मुगलसराय जैसे महत्वपूर्ण थाना क्षेत्र में तैनात अधिकारी हालात पर नियंत्रण नहीं रख पा रहे हैं।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठ रहे सवाल
एक ही रात में तीन घरों में इतनी बड़ी चोरी पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े करती है। ग्रामीणों का कहना है कि जब थाना क्षेत्र के भीतर लोग अपने घरों में सुरक्षित नहीं हैं, तो फिर पुलिस की मौजूदगी का क्या मतलब है।

पुलिस ने मांगा समय, जल्द खुलासे का दावा
सीओ कृष्ण मुरारी शर्मा ने बताया कि घटना की जांच प्राथमिकता पर की जा रही है। फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही चोरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं, गांव में गश्त बढ़ाने और रात्रि में निगरानी तेज करने का भी आश्वासन दिया गया।

Tags

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*