जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

UP से उड़ाकर बिहार में बेचते थे बाइक, इलिया पुलिस ने बार्डर पर घेरकर दबोचा, चोरी की 2 बाइक बरामद

चंदौली की इलिया पुलिस ने अंतरराज्यीय बॉर्डर माल्दह पुलिया पर चेकिंग के दौरान दो शातिर वाहन चोरों को दबोचा है। इनके पास से चोरी की दो बिना नंबर वाली बाइक और नगदी बरामद हुई है। पूरी खबर पढ़ें.

 
 

माल्दह पुलिया पर बड़ी कार्रवाई

चोरी की दो बाइक बरामद

बिहार के दो चोर गिरफ्तार

यूपी से करते थे चोरी

बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज

चंदौली जिले की इलिया थाना पुलिस ने अंतरराज्यीय सीमा पर एक बड़ी कामयाबी हासिल की है. पुलिस ने वाहन चेकिंग अभियान के दौरान मुस्तैदी दिखाते हुए दो शातिर वाहन चोरों को धर दबोचा। थानाध्यक्ष चंदन कुमार राय के नेतृत्व में पुलिस टीम गुरुवार की शाम को माल्दह पुलिया के पास संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की सघन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान दो संदिग्ध बाइक सवार युवक वहाँ पहुंचे, जिन्हें पुलिस ने रोक लिया।

बिहार में बेचने की फिराक में थे बदमाश

जब पुलिस टीम ने इन दोनों युवकों को रोककर कड़ाई से पूछताछ और गाड़ियों के कागजात की जांच की, तो पता चला कि दोनों मोटरसाइकिलें चोरी की हैं। पुलिस ने तुरंत दोनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया. पुलिस की पूछताछ में इन चोरों ने कुबूल किया कि वे उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों से गाड़ियां चुराते थे और उन्हें बेचने के लिए बिहार ले जा रहे थे. लेकिन बॉर्डर पार करने से पहले ही वे पुलिस के हत्थे चढ़ गए।

गिरफ्तार आरोपियों की हुई पहचान

पकड़े गए शातिर चोरों की पहचान जगदीश कुमार, जो कैमूर (भभुआ) बिहार के चैनपुर थाना अंतर्गत ककरहिया रामगढ़ का रहने वाला है, और संजय चौहान, जो इसी जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम मेढ़ का निवासी है, के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से चोरी की दो बिना नंबर वाली मोटरसाइकिलें, एक एंड्रॉइड मोबाइल फोन और ₹970 नगद बरामद किए हैं।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

इलिया पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(2) बीएनएस (BNS) के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में थानाध्यक्ष चंदन कुमार राय के साथ चौकी प्रभारी अरविंद कुमार यादव, उपनिरीक्षक रविंद्र कुमार सिंह, विजय कुमार राय, मुख्य आरक्षी कल्लन यादव, आरक्षी सौरभ जायसवाल और राहुल कुशवाहा शामिल रहे।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*